Edited By Vijay, Updated: 26 Jul, 2026 06:27 PM

सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद स्थित एक उद्योग में काम कर रहे एक मजदूर की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय बबलू पुत्र ब्रिज लाल, निवासी गांव भटपुरा जागीर, डाकघर राठौरा, तहसील व जिला बरेली, (उत्तर...
कालाअंब: सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद स्थित एक उद्योग में काम कर रहे एक मजदूर की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय बबलू पुत्र ब्रिज लाल, निवासी गांव भटपुरा जागीर, डाकघर राठौरा, तहसील व जिला बरेली, (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर बाद बबलू उद्योग में अपना रूटीन काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसे एक जहरीले सांप ने डस लिया, जिससे उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि आनन-फानन में उद्योग के कर्मचारी उसे नाहन मेडिकल कॉलेज ले जाने की बजाय हरियाणा के नारायणगढ़ ले गए। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अंबाला रैफर कर दिया। अंबाला के अस्पताल में उपचार के दौरान बबलू ने दम तोड़ दिया।
रविवार को अंबाला में ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक बबलू पिछले करीब 10 वर्षों से उद्योग में काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी आकस्मिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है।
इस घटना की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने बताया कि मोगीनंद के एक उद्योग में सांप के काटने से मजदूर की मौत की सूचना मिली थी। इस संदर्भ में पुलिस थाना कालाअंब में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मौत के असल कारणों व परिस्थितियों को लेकर आगामी कानूनी जांच अमल में ला रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें