Edited By Vijay, Updated: 17 Sep, 2026 01:25 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मंगलवार को सिरमौर जिले के नाहन में भाजपा द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने ऐतिहासिक माता कालिस्थान मंदिर में...
नाहन (आशु): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मंगलवार को सिरमौर जिले के नाहन में भाजपा द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने ऐतिहासिक माता कालिस्थान मंदिर में आयोजित हवन-यज्ञ में हिस्सा लिया। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आहुतियां डालकर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पार्टी पूरे प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत प्रदेश भर में हवन-यज्ञ, रक्तदान शिविर और जनसंपर्क से जुड़े सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें कार्यकर्ता पूरे समर्पण भाव से भाग ले रहे हैं।
युवा मोर्चा ने लगाया रक्तदान शिविर
धार्मिक अनुष्ठान के बाद, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन के हिंदू आश्रम का दौरा किया, जहां भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। दोनों नेताओं ने शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने वाले युवाओं का हौसला बढ़ाया। डॉ. बिंदल ने रक्तदान को मानव सेवा का पुनीत कार्य बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के युवाओं के सच्चे प्रेरणास्रोत हैं। आज उनके नेतृत्व में संचालित योजनाओं के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को निखारा जा रहा है, जिससे देश का युवा हर क्षेत्र में अपने सामर्थ्य का बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है।
इन लोगों ने किया रक्तदान
भाजयुमो द्वारा आयोजित इस शिविर में कई स्थानीय नेताओं और युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इनमें प्रमुख रूप से भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मनीष अग्रवाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अरुण सरमन, पार्षद कौशल्या देवी, आशा भारद्वाज, पूर्व प्रधान संदीपक तोमर, हिमांशु, मोनिका ठाकुर और रजत सैनी शामिल रहे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर, जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता, नगर निगम के पार्षद और युवा मोर्चा के कई अन्य पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें