Edited By Vijay, Updated: 18 Sep, 2026 07:07 PM

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन में आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद जनता आज भी भाजपा कार्यकाल में शुरू हुई विकास योजनाओं को याद...
नाहन/शिलाई (आशु): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन में आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद जनता आज भी भाजपा कार्यकाल में शुरू हुई विकास योजनाओं को याद कर रही है। सुक्खू सरकार के साढ़े 3 साल के कार्यकाल में कोई नई योजना नहीं बनाई गई। सत्ता में रहना महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि जनता के दिलों में रहना बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बजाय पूर्व भाजपा सरकार के समय बजट प्रावधान और जनता की मांग पर खोले गए करीब अढ़ाई हजार शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संस्थानों को बंद करने के लिए जानी जा रही है। सरकार ने विकास की बजाय तालाबंदी का रास्ता अपनाया है।
चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस में हार की जिम्मेदारी को लेकर चल रहे आरोप-प्रत्यारोप
जयराम ठाकुर ने हाल ही में हुए पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए दावा किया कि भाजपा की विचारधारा से जुड़े करीब 80 प्रतिशत जनप्रतिनिधियों ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर भी निशाना साधा और कहा कि चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस में हार की जिम्मेदारी को लेकर आरोप-प्रत्यारोप चल रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के बढ़ते कर्ज को लेकर दावा किया कि उनके पूरे कार्यकाल में करीब 19,600 करोड़ रुपए का ऋण लिया गया, जबकि वर्तमान सरकार ने साढ़े 3 साल में करीब 50 हजार करोड़ रुपए का नया ऋण लिया है। उनके अनुसार प्रदेश का कुल कर्ज करीब 69,600 करोड़ से बढ़कर 1.20 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतना कर्ज लेने के बावजूद धरातल पर विकास नजर क्यों नहीं आ रहा।
हाटी समुदाय को ट्राइबल दर्जा दिलाने की दोहराई प्रतिबद्धता
शिलाई में जनता को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने हाटी समुदाय को ट्राइबल दर्जा दिलाने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक बलदेव तोमर की मेहनत बेकार नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि हाटी ने उनसे रिश्ता जोड़ लिया है तो वे भी इस रिश्ते को पूरी शिद्दत से निभाएंगे। वह ठेठ पहाड़ी हैं और दिल से जुड़ा रिश्ता पूरी मजबूती से निभाते हैं। इस अवसर पर विधायक रीना कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, जिला परिषद अध्यक्ष शिवानी, उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी, नारायण सिंह व दलीप सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें