Edited By Kuldeep, Updated: 25 May, 2026 06:16 PM

जंगलों में हर साल गर्मियों के मौसम में भड़कने वाली आग से बचाव के लिए स्पोक, रोटरी क्लब कसौली और डीएल ग्रुप नौणी ने मिलकर महत्वपूर्ण पहल शुरू की है।
कसौली: जंगलों में हर साल गर्मियों के मौसम में भड़कने वाली आग से बचाव के लिए स्पोक, रोटरी क्लब कसौली और डीएल ग्रुप नौणी ने मिलकर महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इस पहल के तहत कसौली, सोलन और नाहन के वन क्षेत्रों से सूखी पाइन नीडल (चीड़ की पत्तियां) एकत्रित कर ब्रीकेट और बेल्स बनाई जाएंगी। यह प्रतिबद्धता 10 अप्रैल, 2026 को एसडीएम कसौली एमपी सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यक्त की गई। बैठक में एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों और हितधारकों से इस पहल में सहयोग देने की अपील की तथा बीडीओ को मनरेगा मजदूरों के माध्यम से पाइन नीडल संग्रह की संभावना तलाशने के निर्देश दिए।
डीएल ग्रुप डा. वाईएस परमार हॉर्टिकल्चर एवं फोरैस्ट्री विश्वविद्यालय के सहयोग से पाइन नीडल से ब्रीकेट बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। इस उद्देश्य के लिए विश्व बैंक समर्थित परियोजना एचपी आईडीपी के तहत विश्वविद्यालय परिसर में एक प्लांट स्थापित किया गया है। स्पोक से कर्नल एसके रदेव (सेवानिवृत्त) और विन्नी चड्ढा ने वन विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग के साथ समन्वय का जिम्मा उठाया है।