Edited By Kuldeep, Updated: 11 Aug, 2026 06:38 PM

मिशन हॉस्पिटल द्वारा संचालित ग्रेस स्कूल ऑफ नर्सिंग कांगड़ा में उस समय सोमवार रात्रि तहलका मच गया जब एक जोरदार ब्लास्ट हुआ।
कांगड़ा (कालड़ा): मिशन हॉस्पिटल द्वारा संचालित ग्रेस स्कूल ऑफ नर्सिंग कांगड़ा में उस समय सोमवार रात्रि तहलका मच गया जब एक जोरदार ब्लास्ट हुआ। कॉलेज के प्रशासनिक विभाग के एमएस रियात ने बताया कि अर्धरात्रि के बाद जोर का धमाका हुआ। चारों ओर इलाके में सोए हुए लोग उठ गए व आकर इकट्ठे हो गए। निकट ही रहने वाले सीनियर वाइस प्रैजीडैंट डा. पाल ने आकर देखा तो चारों ओर धुआं फैला हुआ था तथा आग की लपटें उठ रही थीं। उन्होंने बताया कि तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने आकर आग पर काबू पाया। आरोपी ने पहले रसोई से गैस सिलैंडर को निकाला, जिस-जिस कमरे में भी रिकार्ड रखा हुआ था उन सभी अलमारियों को तोड़कर उनमें रखे रिकार्ड को आग लगा दी।
सिलैंडर में एक जोरदार ब्लास्ट हुआ जिससे एक कमरा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। एक आध कमरे को छोड़कर बाकी सब कमरों में रखे रिकार्ड को आग लगी हुई थी। प्राथमिक दृष्टि में देखने से ऐसा लगता है कि वह व्यक्ति यहां पर किसी रिकॉर्ड की तलाश में आया था जिसके चलते उसने कमरों में पड़ा हुआ रिकार्ड जलाया। उसकी क्या मंशा थी इसका कोई अभी तक पता नहीं है। इसके साथ लैपटॉप, डीवीआर, बायोमीट्रिक मशीन आदि सामान यहां पर नहीं मिल रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर उन्हें भी चोरी करके साथ ले गया। डीएसपी मनोज धीमान ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि फोरैंसिक टीम को भी बुलाया जाएगा।