Edited By Vijay, Updated: 18 Oct, 2026 01:34 PM

विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में चल रहे शारदीय अश्विन नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। नवरात्र की दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला के दरबार में हाजिरी लगाई।
ज्वालामुखी (पंकज शर्मा): विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में चल रहे शारदीय अश्विन नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। नवरात्र की दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला के दरबार में हाजिरी लगाई। इस दौरान पंजाब से आए एक श्रद्धालु परिवार ने माता से मांगी गई मन्नत पूरी होने पर मां ज्वाला के चरणों में एक तोले (करीब 10 ग्राम) सोने का छत्र अर्पित कर अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
सोने का छत्र चढ़ाने वाले श्रद्धालु परिवार ने बताया कि उनकी मां ज्वाला के प्रति गहरी और अटूट आस्था है। माता रानी की असीम कृपा से उनकी एक विशेष मनोकामना पूरी हुई है। इसी मन्नत के पूरा होने पर परिवार ने अष्टमी के इस शुभ अवसर पर मंदिर पहुंचकर यह स्वर्ण छत्र माता रानी के चरणों में भेंट किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
छत्र अर्पित करने के दौरान मंदिर के पुजारी ने श्रद्धालु परिवार से पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। भेंट स्वीकार करने के उपरांत, पुजारी द्वारा परिवार को सम्मान स्वरूप माता की चुनरी (सिरोपा) भेंट की गई और उनके उज्ज्वल भविष्य व सुख-समृद्धि की कामना की गई।
गौरतलब है कि शारदीय नवरात्र के चलते शक्तिपीठ ज्वालामुखी में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। माता के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान है और प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें