Edited By Kuldeep, Updated: 01 Sep, 2026 10:02 PM

पुलिस थाना लंबागांव के अंतर्गत सोलबनेहड़ में 16 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के मामले की जांच दूसरे दिन भी जारी रही।
जयसिंहपुर (संदीप): पुलिस थाना लंबागांव के अंतर्गत सोलबनेहड़ में 16 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के मामले की जांच दूसरे दिन भी जारी रही। पुलिस ने मृतक के साथ पढ़ने वाले और उसके नजदीकी संपर्क में रहे सात युवकों से पूछताछ की है। इसके अलावा जयसिंहपुर से सुजानपुर तक विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। पुलिस हालांकि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अभी जांच से जुड़ी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं कर रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि बुधवार शाम या वीरवार सुबह तक मामले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकती है। पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और युवकों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। गौरतलब है कि सोलबनेहड़ निवासी अभिलाष 27 अगस्त को रहस्यमयी परिस्थितियों में घर से लापता हुआ था। 28 अगस्त को वह घर से कुछ दूरी पर बदहवास हालत में मिला था।
इसी दिन उसका एक दोस्त भी लापता हुआ था, जिसे मोबाइल लोकेशन के आधार पर दिल्ली में ट्रेस किया गया। अभिलाष की 30 अगस्त को टांडा मैडीकल अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले को लेकर 31 अगस्त को परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस थाना का घेराव करने के साथ चक्का जाम कर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने युवक के अपहरण के बाद नशीला पदार्थ देकर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए जांच की मांग की थी। पुलिस के जल्द मामले की तह तक पहुंचने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी।