Edited By Vijay, Updated: 28 Oct, 2026 03:38 PM

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। घुमारवीं उपमंडल में बुधवार सुबह जिम में व्यायाम करने गए एक स्कूल शिक्षक की अचानक जान चली गई। प्रारंभिक दृष्टि में इस दुखद घटना का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।
घुमारवीं/बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। घुमारवीं उपमंडल में बुधवार सुबह जिम में व्यायाम करने गए एक स्कूल शिक्षक की अचानक जान चली गई। प्रारंभिक दृष्टि में इस दुखद घटना का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। मृतक की पहचान विशाल कौंडल (50) के रूप में हुई है। वह घुमारवीं के कुठेड़ा के अंतर्गत आने वाले गांव जोलपलाखी के रहने वाले थे। विशाल पेशे से इलाके के एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और अपनी फिटनैस को लेकर काफी जागरूक थे।
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना जिम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के मुताबिक, शिक्षक विशाल अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या के तहत सुबह एक्सरसाइज करने के लिए जिम पहुंचे थे। इसी दौरान वह एक मशीन के पास खड़े थे, तभी वह अचानक थोड़ा नीचे की ओर झुके और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।
जब वह जमीन पर गिरे, तो शुरुआत में आसपास व्यायाम कर रहे लोगों को स्थिति का अंदाजा नहीं हुआ। कुछ ही सैकेंड बाद जिम में मौजूद एक व्यक्ति ने स्थिति की गंभीरता को समझा और तुरंत उनके पास पहुंचकर उन्हें सीपीआर देने की कोशिश की। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर, जिम में मौजूद अन्य लोगों की मदद से उन्हें तुरंत उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विशाल के इस तरह अचानक चले जाने से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें