Edited By Vijay, Updated: 23 Oct, 2026 08:07 PM

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। जिले के उपमंडल झंडूता के तहत आते कसेह गांव में खेत के पास बने पानी के एक स्टोरेज टैंक में डूबने से साढ़े तीन वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई।
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। जिले के उपमंडल झंडूता के तहत आते कसेह गांव में खेत के पास बने पानी के एक स्टोरेज टैंक में डूबने से साढ़े तीन वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद मृतक बच्चे के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
मृतक बच्चे की पहचान कसेह गांव निवासी जितेंद्र कुमार के बेटे विनायक (उर्फ गणी) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मासूम विनायक अपनी मां और दादी के साथ घर के पास ही स्थित खेतों की ओर गया हुआ था। परिजन अपने काम में व्यस्त थे, इसी बीच खेलते-खेलते बच्चा खेत के साथ ही बने पानी के स्टोरेज टैंक के पास पहुंच गया और दुर्घटनावश उसमें गिर गया।
परिजनों को जैसे ही घटना का पता चला तो उन्होंने तुरंत बच्चे को टैंक से बाहर निकाला। मासूम की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे आनन-फानन में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर लेकर पहुंचे। वहां आपातकालीन विभाग में मौजूद चिकित्सकों ने बच्चे की जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया।
एम्स प्रशासन द्वारा इस घटना की सूचना तुरंत झंडूता पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मामले की पुष्टि करते हुए बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें