Edited By Vijay, Updated: 13 Oct, 2026 05:50 PM

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में एक बेहद दुखद और भयानक हादसा सामने आया है। यहां विश्व विख्यात पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे के समीप पहाड़ी से नीचे गिरने के कारण उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी एक 17 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई।
कुल्लू (संजीव): हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में एक बेहद दुखद और भयानक हादसा सामने आया है। यहां विश्व विख्यात पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे के समीप पहाड़ी से नीचे गिरने के कारण उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी एक 17 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई। घटना के समय छात्र पहाड़ी के किनारे तस्वीरें खिंचवा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शैक्षणिक भ्रमण पर मनाली आया था स्कूली दल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के गोविंदपुरम स्थित ब्राइटलैंड स्कूल के 11वीं कक्षा (कॉमर्स) के विद्यार्थियों का एक दल इन दिनों शैक्षणिक भ्रमण पर मनाली आया हुआ है। मंगलवार को यह स्कूली दल बर्फ का दीदार करने और घूमने के लिए रोहतांग दर्रे की ओर गया था।
तस्वीरें खिंचवाते समय बिगड़ा संतुलन
मृतक छात्र की पहचान 17 वर्षीय रुद्र कुमार पुत्र पुष्पेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जोकि जी-373, जसवंत विहार, आकाश नगर, इंदरगढ़ी, गाजियाबाद का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को जब यह दल रोहतांग के दूसरी ओर पहुंचा तो रुद्र कुमार एक पहाड़ी के समीप खड़ा होकर तस्वीरें खिंचवा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पहाड़ी से सीधे नीचे जा गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण छात्र को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
डीएसपी ने पर्यटकों से की अपील
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीएसपी ने बताया कि सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। इसके साथ ही, डीएसपी ने पर्यटकों से विशेष आग्रह किया है कि वे पर्वतीय क्षेत्रों, विशेषकर रोहतांग दर्रे जैसी अधिक ऊंचाई वाली जगहों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें और जान जोखिम में डालकर खतरनाक ढलानों के करीब न जाएं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें