Edited By Vijay, Updated: 07 Oct, 2026 12:34 PM

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बंजार उपमंडल के तहत आती तीर्थन घाटी में एक भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है। उपमंडल मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत कंडीधार के धारागाड़ गांव में गुरुवार सुबह एक मकान में अचानक आग भड़क गई।
कुल्लू (दिलीप): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बंजार उपमंडल के तहत आती तीर्थन घाटी में एक भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है। उपमंडल मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत कंडीधार के धारागाड़ गांव में गुरुवार सुबह एक मकान में अचानक आग भड़क गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरा मकान जलकर राख हो गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह मकान धारागाड़ गांव निवासी जय चंद पुत्र गंगा राम का था। इस दोमंजिला मकान में जय चंद और उनके बेटे वीर सिंह का परिवार एक साथ रहते थे। गुरुवार तड़के करीब 5 बजे मकान से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। जब तक परिवार के लोग और ग्रामीण आग पर काबू पाने का प्रयास करते, तब तक आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
गनीमत यह रही कि आग भड़कने का पता चलते ही परिवार के सभी सदस्य समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। इस अग्निकांड में घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और नुक्सान की रिपोर्ट तैयार की। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर कुल 20,000 रुपए (प्रत्येक परिवार को 10-10 हजार रुपए) की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इसके अलावा, बेघर हुए परिवारों को प्रशासन द्वारा तिरपाल, कंबल और अन्य आवश्यक घरेलू सामान भी मुहैया करवाया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि राजस्व विभाग की टीम द्वारा आग से हुए कुल नुक्सान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है, जिसके बाद प्रभावितों को मैनुअल के आधार पर अतिरिक्त मुआवजा प्रदान किया जाएगा। पुलिस भी आग लगने के सही कारणों की जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें