Kullu: देवी-देवताओं के आगमन के साथ ऐतिहासिक आनी मेले का आगाज, 4 दिन तक चलेगा उत्सव

Edited By Vijay, Updated: 08 May, 2026 07:07 PM

historic ani fair begins with arrival of deities

ऐतिहासिक एवं पारंपरिक जिला स्तरीय आनी मेले का शुक्रवार को देवताओं के आगमन के साथ शुभारंभ हो गया। इस ऐतिहासिक मेले में क्षेत्र के प्रमुख आराध्य देवता शमशरी महादेव, पनेउई नाग, कुलक्षेत्र महादेव, देहुरी नाग तथा ब्यूंगली नाग देवता ने उपस्थिति दर्ज करवाई।

आनी (ब्यूरो): ऐतिहासिक एवं पारंपरिक जिला स्तरीय आनी मेले का शुक्रवार को देवताओं के आगमन के साथ शुभारंभ हो गया। इस ऐतिहासिक मेले में क्षेत्र के प्रमुख आराध्य देवता शमशरी महादेव, पनेउई नाग, कुलक्षेत्र महादेव, देहुरी नाग तथा ब्यूंगली नाग देवता ने उपस्थिति दर्ज करवाई। देवताओं के आगमन के साथ ही आनी प्रशासन द्वारा दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया गया। मेले के शुभारंभ से पूर्व प्रमुख देवता शमशरी महादेव सहित सभी देवी-देवताओं की शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान देवताओं के कारकूनों और देवलुओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोक संस्कृति के साथ शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरा आनी क्षेत्र भक्तिमय और उत्सवी माहौल में रंगा नजर आया। 

मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं खंड विकास अधिकारी विवेक टेसू ने बताया कि इस बार मेले का आयोजन प्रशासन की ओर से किया जा रहा है तथा मेले को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। शुभारंभ अवसर पर एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट ने मुख्य रूप से शिरकत करते हुए क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से मेले के दौरान शांति एवं भाईचारे की भावना बनाए रखने की अपील करते हुए प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी व निजी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य, समूह गान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने खूब तालियां बटोरीं। 

मेले में 3 सांस्कृतिक संध्याओं का होगा आयोजन 
मेला कमेटी की ओर से जानकारी दी गई कि 4 दिवसीय मेले के दौरान 3 सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें स्थानीय एवं बाहरी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अतिरिक्त महिला मंडलों के विशेष कार्यक्रम और महिला रस्साकशी प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस अवसर पर तहसीलदार रत्नेश्वर शर्मा, नायब तहसीलदार मोती राम चौहान, पीआई जोगेंद्र शर्मा, प्रधानाचार्य जवाहर ठाकुर, कुंदन शर्मा, मनमोहन शर्मा, एसबीपीईओ विनोद कटोच व सचिव विशु भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!