Edited By Kuldeep, Updated: 03 Nov, 2026 07:10 PM

हिमाचल में आगामी एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार 9 नवम्बर तक प्रदेश के किसी भी भाग में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है।
शिमला (संतोष): हिमाचल में आगामी एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार 9 नवम्बर तक प्रदेश के किसी भी भाग में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। हालांकि राज्य के पर्वतीय व ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है।
जनजातीय और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में रात का तापमान शून्य से नीचे जमाव बिंदु तक पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 2.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में तापमान माइनस 1.1 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अन्य पहाड़ी इलाकों में कल्पा में 2.6 डिग्री, मनाली में 5.4 डिग्री और शिमला में 11.2 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में पांवटा साहिब में सबसे अधिक 19.0 डिग्री सैल्सियस पारा रहा। अधिकतम तापमान ऊना में 34.2 डिग्री व राजधानी शिमला में 22 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। 9 नवम्बर तक पूरे प्रदेश मैदानी, मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा और किसी भी जिले के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। शुष्क मौसम के चलते सुबह और शाम के समय ठंड का असर और तीखा होने की संभावना है।