हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, IMD ने 5 जिलों के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट, 40-50 KM की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

Edited By Vijay, Updated: 03 May, 2026 12:35 PM

himachal weather update

हिमाचल प्रदेश में मई की शुरूआत के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। तपती गर्मी की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को अब तेज बारिश और सर्द हवाओं का सामना करना पड़ रहा है।

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मई की शुरूआत के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। तपती गर्मी की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को अब तेज बारिश और सर्द हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। रविवार की सुबह शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक खराब मौसम की चेतावनी जारी की है, जिससे जनजीवन और कृषि, दोनों पर असर पड़ना शुरू हो गया है।

शिमला में दिन में ही रात का अहसास
रविवार की सुबह शिमला में धूप खिली थी, लेकिन सुबह करीब 8 बजे मौसम ने अचानक खतरनाक रुख अपना लिया। कुछ ही मिनटों में आसमान काले बादलों से ढंक गया और शहर में अंधेरा पसर गया। आलम यह था कि लोगों को दिन के उजाले में भी लाइटें जलानी पड़ीं। तेज गर्जना और हवाओं के साथ हुई बारिश ने सैलानियों और स्थानीय निवासियों को हैरान कर दिया। इस अचानक आए बदलाव से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे एक बार फिर ठंड ने दस्तक दे दी है।

क्या है IMD का अलर्ट?
मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश भर में अगले 4 दिनों तक मौसम के खराब रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 4 मई को कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं आज ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चम्बा, कांगड़ा सहित कुल 10 जिलों में आंधी-तूफान और गरज-चमक को लेकर यैलो अलर्ट जारी है। राज्य में 5 मई को भी मौसम खराब रहने की संभावना है।

तापमान में आएगी गिरावट 
मौसम विभाग के अनुसार खराब मौसम के चलते अगले 24 से 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सैल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है। इससे भीषण गर्मी से तो राहत मिलेगी, लेकिन सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

खराब मौसम ने बढ़ाई किसानों की चिंता
खराब मौसम का सीधा असर प्रदेश की कृषि पर पड़ता दिख रहा है। मौसम की यह मार सबसे अधिक उन किसानों पर पड़ रही है जिनकी फसलें इस समय खेतों में तैयार खड़ी हैं। निचले इलाकों में गेहूं की कटाई का सीजन चल रहा है। अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से कटी और खड़ी फसल के खराब होने का डर सता रहा है, जिससे अन्नदाताओं के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा सकती हैं।

कब मिलेगी राहत?
मौसम विभाग के अनुमान अनुसार 6 मई के बाद मौसम में कुछ सुधार आना शुरू होगा। 6 और 7 मई को हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन 8 मई तक ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम के साफ होने के आसार हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!