Edited By Swati Sharma, Updated: 28 Jun, 2026 11:07 AM

Shimla News : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शनिवार को फीस वृद्धि वापस लेने सहित विभिन्न मांगों को लेकर कुलपति प्रो. महावीर सिंह का पुतला फूंकने का प्रयास कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।...
Shimla News : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शनिवार को फीस वृद्धि वापस लेने सहित विभिन्न मांगों को लेकर कुलपति प्रो. महावीर सिंह का पुतला फूंकने का प्रयास कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अभाविप के कई कार्यकर्ता विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद (ईसी) की तय बैठक से कुछ घंटे पहले परिसर में जमा हो गए। उसने बताया कि कार्यकर्ताओं ने कुलपति का पुतला जलाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद झड़प हुई। अभाविप के परिसर अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए हाल ही में बढ़ाई गई फीस को वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों पर, खासकर कम आय वाले परिवारों के छात्रों पर, बेवजह आर्थिक बोझ पड़ता है। उन्होंने छात्रों के लिए बेहतर बस सेवा, स्टूडेंट्स सेंट्रल एसोसिएशन (एससीए) के चुनाव फिर से शुरू कराने और विश्वविद्यालय के सुचारू कामकाज के लिए शिक्षकेत्तर कर्मियों की तुरंत भर्ती की भी मांग की। बाद में, अभाविप कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन कुलपति को सौंपा, जिन्होंने मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया।
इस बीच, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने भी एससीए चुनाव बहाल करने, फीस वृद्धि वापस लेने, नए छात्रावास बनाने, नियमित शिक्षकों से ही पढ़ाई कराने और विश्वविद्यालय के वित्तीय मामलों की न्यायिक जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और कार्यकारी परिषद के सदस्यों को ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें