Edited By Vijay, Updated: 12 Aug, 2026 12:32 PM

शिक्षण संस्थानों के आसपास युवाओं को नशे और प्रतिबंधित सामग्री की चपेट में आने से बचाने के लिए करसोग प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। प्रशासन की खंड स्तरीय फ्लाइंग स्क्वायड ने बीते दिन करसोग महाविद्यालय और विभिन्न स्कूलों के आसपास करीब 20...
करसोग (धर्मवीर): शिक्षण संस्थानों के आसपास युवाओं को नशे और प्रतिबंधित सामग्री की चपेट में आने से बचाने के लिए करसोग प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। प्रशासन की खंड स्तरीय फ्लाइंग स्क्वायड ने बीते दिन करसोग महाविद्यालय और विभिन्न स्कूलों के आसपास करीब 20 दुकानों पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई से शिक्षण संस्थानों के आसपास कारोबार करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
यह छापेमारी मुख्य रूप से तंबाकू नियंत्रण, प्लास्टिक निषेध और नशीले पदार्थों की रोकथाम अभियान के तहत की गई। टीम ने दुकानों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री, प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल और अन्य नियमों की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर मौके पर ही सख्त कार्रवाई करते हुए 3 दुकानदारों के चालान काटे गए। वहीं, भारी अनियमितता पाए जाने पर एक दुकान का तंबाकू बिक्री का लाइसैंस रद्द करने की विभागीय प्रक्रिया अमल में लाई गई है।
इस खंड स्तरीय फ्लाइंग स्क्वायड का नेतृत्व खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने किया। उनके साथ पुलिस, आबकारी एवं कराधान विभाग, स्वास्थ्य विभाग और पंचायत निरीक्षक सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। टीम का मुख्य उद्देश्य स्कूल-कॉलेजों के आसपास युवा पीढ़ी तक तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की पहुंच को पूरी तरह से रोकना था।
कार्रवाई के दौरान टीम ने सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे कानून और निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करें। बीएमओ डॉ. गोपाल चौहान ने कहा कि युवाओं को नशे के दलदल से बचाने के लिए स्कूल-कॉलेजों के आसपास विशेष निगरानी तंत्र विकसित किया गया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि शिक्षण संस्थानों के पास चिट्टा जैसे घातक नशीले पदार्थों, तंबाकू उत्पादों या प्रतिबंधित सामान की बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का यह चैकिंग अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें