Edited By Vijay, Updated: 09 Oct, 2026 09:00 PM

कांगड़ा जिले के भवारना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आबकारी एवं कराधान विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कांगड़ा और हमीरपुर जिले की आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने....
भवारना (अतुल): कांगड़ा जिले के भवारना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आबकारी एवं कराधान विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कांगड़ा और हमीरपुर जिले की आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भीखाशाह मंदिर के समीप एक रिहायशी इलाके में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पकड़ी गई शराब मुख्य रूप से चंडीगढ़ में बिक्री वाली बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की। रणनीति के तहत टीम ने सबसे पहले भवारना और इसके आसपास के शराब के ठेकों का औचक निरीक्षण किया, लेकिन वहां कोई भी अवैध वस्तु या अनियमितता नहीं पाई गई। इसके बाद टीम ने भीखाशाह मंदिर के पास स्थित एक संदिग्ध घर में दबिश दी। घर की सघन तलाशी के दौरान वहां से भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप बरामद हुई। यह संयुक्त कार्रवाई आबकारी एवं कराधान विभाग, जिला कांगड़ा के डिप्टी कमिश्नर मनोज डोगरा और हमीरपुर के डिप्टी कमिश्नर की अगुवाई में उनकी टीमों द्वारा की गई। कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर भवारना थाना से पुलिस टीम को भी तलब किया गया था।
तलाशी अभियान के दौरान घर में रखी एक अलमारी को लेकर टीम को शक हुआ। चाबी न मिलने पर टीम ने अलमारी का ताला भी तोड़ा, हालांकि उस अलमारी के अंदर से कुछ बरामद नहीं हुआ, लेकिन घर के अन्य हिस्सों से चंडीगढ़ मार्का शराब की खेप टीम के हाथ लगी है। खबर लिखे जाने तक विभाग की टीम कार्रवाई में जुटी हुई थी।
इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए आबकारी एवं कराधान विभाग कांगड़ा के डिप्टी कमिश्नर मनोज डोगरा ने कहा कि विभाग को क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद दोनों जिलों की टीमों ने संयुक्त रूप से इस ऑप्रेशन को अंजाम दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। शराब माफिया के खिलाफ विभाग का यह अभियान भविष्य में भी इसी तरह पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें