Edited By Vijay, Updated: 01 Aug, 2026 02:34 PM

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का कुनबा और संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। शनिवार को पंजोआ स्थित विधायक कार्यालय में ग्राम पंचायत कोहाड़छन्न की प्रधान अंजू बाला और उपप्रधान जरनैल सिंह सहित पंचायत के सभी निर्वाचित...
अम्ब (अश्विनी): हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का कुनबा और संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। शनिवार को पंजोआ स्थित विधायक कार्यालय में ग्राम पंचायत कोहाड़छन्न की प्रधान अंजू बाला और उपप्रधान जरनैल सिंह सहित पंचायत के सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों ने आधिकारिक तौर पर कांग्रेस का दामन थाम लिया। क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी पंचायत प्रतिनिधियों को पार्टी का पटका पहनाकर उनका विधिवत स्वागत किया। इस मौके पर कांग्रेस में शामिल हुए नए सदस्यों ने कहा कि वे विधायक सुदर्शन सिंह बबलू की विकासात्मक सोच और कांग्रेस सरकार की जनहितकारी नीतियों से खासे प्रभावित हैं। इसी से प्रेरित होकर उन्होंने पार्टी से जुड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने संकल्प लिया कि वे क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए कांग्रेस के साथ मिलकर पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
कांग्रेस की नीतियों पर जनता जता रही भरोसा : सुदर्शन सिंह बबलू
इस अवसर पर विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। विभिन्न पंचायतों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस परिवार का हिस्सा बन रहे हैं। विधायक ने कहा कि इस जुड़ाव से न केवल संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के विकास कार्यों को भी एक नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि पंचायत की यह पूरी टीम क्षेत्र की प्रगति के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी और कांग्रेस पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस मौके पर चिंतपूर्णी विधानसभा के यूथ कांग्रेस अध्यक्ष एवं पंचायत समिति सदस्य अमन जसवाल, अतुल शर्मा, बलविंदर सिंह, अरुण कुमार और दिनेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें