Edited By Swati Sharma, Updated: 30 Aug, 2026 11:29 AM

हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। मंडी जिले में संक्रमण के दो नए मामले सामने आने के बाद राज्य में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। इसी बीच, एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की स्वाइन फ्लू की चपेट में आने से उपचार के...
Swine Flu : हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। मंडी जिले में संक्रमण के दो नए मामले सामने आने के बाद राज्य में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। इसी बीच, एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की स्वाइन फ्लू की चपेट में आने से उपचार के दौरान मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग को शनिवार को मरीज की स्वाइन फ्लू से हुई मौत की सूचना मिली।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सुंदरनगर क्षेत्र के डडयाल गांव निवासी महेंद्र (70 वर्षीय) के रूप में हुई है। वह कैंसर से पीड़ित थे। बताया जा रहा है कि महेंद्र 11 अगस्त को कीमोथेरेपी कराने के लिए चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल गए थे। इसी दौरान उनकी इम्यूनिटी बेहद कमजोर हो चुकी थी, जिससे वे स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शुक्रवार को परिजनों ने डडयाल गांव में उनका अंतिम संस्कार किया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को शनिवार को मरीज की स्वाइन फ्लू से हुई मौत की सूचना मिली। विभाग की एक टीम तुरंत मृतक के घर पहुंची। टीम ने परिवार के सभी सदस्यों की थर्मल स्क्रीनिंग की और उन्हें संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए जरूरी चिकित्सा दिशा-निर्देश दिए। वहीं, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि स्वाइन फ्लू के लक्षण सामान्य वायरल बुखार जैसे हो सकते हैं। इनमें तेज बुखार, खांसी, बलगम, पूरे शरीर में दर्द, अत्यधिक थकान, ठंड लगना और कंपकंपी शामिल हैं। लगातार छींकें आना, तेज सिरदर्द, छाती में भारीपन और सांस लेने में कठिनाई भी इसके लक्षण हो सकते हैं। फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर इसे सामान्य वायरल बुखार समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और शीघ्र चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। वहीं, पांच वर्ष से कम आयु के बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग तथा मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से पीड़ित और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में संक्रमण का खतरा अधिक रहता है। ऐसे लोगों को फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें