Edited By Kuldeep, Updated: 30 Aug, 2026 09:32 PM

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राज्य मुक्त विद्यालय की आठवीं, दसवीं और जमा दो कक्षाओं के परीक्षार्थियों के साथ-साथ कम्पार्टमैंट परीक्षा दे रहे नियमित छात्रों के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है।
धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राज्य मुक्त विद्यालय की आठवीं, दसवीं और जमा दो कक्षाओं के परीक्षार्थियों के साथ-साथ कम्पार्टमैंट परीक्षा दे रहे नियमित छात्रों के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों व उपमंडलों में सैर उत्सव के उपलक्ष्य में स्थानीय प्रशासन द्वारा घोषित अवकाश को देखते हुए बोर्ड ने परीक्षाओं की पूर्व निर्धारित तिथियों में आंशिक बदलाव किया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि संशोधित शैड्यूल के अनुसार अब एसओएस की आठवीं कक्षा की परीक्षाएं 16 सितम्बर से 24 सितम्बर तक, दसवीं की परीक्षाएं 16 सितम्बर से 28 सितम्बर तक तथा जमा दो कक्षा की परीक्षाएं 16 सितम्बर से 6 अक्तूबर तक आयोजित की जाएंगी।
ये सभी परीक्षाएं सुबह के सत्र में प्रात 9:45 बजे से दोपहर 1 बजे तक ली जाएंगी। इसके अलावा बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 17 सितम्बर को स्थानीय अवकाश होने के कारण इस दिन प्रस्तावित सभी पेपर अब 16 सितम्बर को करवाए जाएंगे। पूरी अमैंडेड डेटशीट बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। सभी परीक्षार्थी और विद्यालय वहीं से नया शैड्यूल डाऊनलोड कर लें तथा नवीनतम जानकारियों के लिए नियमित रूप से बोर्ड की वैबसाइट चैक करते रहें।
प्रैक्टीकल परीक्षाएं 8 अक्तूबर से, स्थगित हुई नियमित परीक्षाएं भी नए शैड्यूल से होंगी
बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य मुक्त विद्यालय की दसवीं और जमा दो कक्षाओं की प्रायोगिक (प्रैक्टीकल) परीक्षाएं 8 अक्तूबर से 17 अक्तूबर 2026 के बीच संबंधित अध्ययन केंद्रों पर आंतरिक रूप से ली जाएंगी। इसके साथ ही मार्च 2026 की परीक्षाओं में पुनर्मूल्यांकन या पुनर्निरीक्षण के बाद कम्पार्टमैंट घोषित हुए उन नियमित छात्रों की परीक्षाएं भी इसी संशोधित तिथि-सूची के तहत होंगी, जिन्हें बोर्ड ने विशेष अवसर दिया है। गत 10 जुलाई को भारी बारिश और आपदा के कारण जिन क्षेत्रों में नियमित आठवीं कक्षा की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं, उनका आयोजन भी इसी नए शैड्यूल के अनुसार किया जाएगा।