Edited By Kuldeep, Updated: 25 May, 2026 10:40 PM

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय के अंतर्गत मार्च-2026 में आयोजित कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के परिणाम 25 मई 2026 को घोषित कर दिए गए हैं।
धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय के अंतर्गत मार्च-2026 में आयोजित कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के परिणाम 25 मई 2026 को घोषित कर दिए गए हैं। इस बार कक्षा 8वीं का परीक्षा परिणाम 61.06 प्रतिशत, 10वीं का 54.66 प्रतिशत और 12वीं का परीक्षा परिणाम 64.57 प्रतिशत रहा है। छात्र अपना परीक्षा परिणाम बोर्ड की ऑफिशियल वैबसाइट पर देख सकते हैं और किसी भी पूछताछ के लिए कार्यालय समय के दौरान बोर्ड के हैल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। परीक्षा परिणाम से जुड़े विस्तृत आंकड़े बोर्ड की आधिकारिक अधिसूचना में भी देखे जा सकते हैं, जो अभ्यर्थी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे 10 जून 2026 तक अपने संबंधित एच.पी.एस.ओ.एस. अध्ययन केंद्रों के माध्यम से पुनर्मूल्यांकन और पुनः निरीक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पुनर्मूल्यांकन केवल 10वीं और 12वीं के छात्र कर सकते हैं, जिसके लिए 1000 प्रति विषय शुल्क और संबंधित विषय में न्यूनतम 20 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। वहीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए पुनः निरीक्षण शुल्क 800 प्रति विषय तय किया गया है। पुनर्मूल्यांकन केवल थ्योरी भाग का होगा और इसमें एम.सी.क्यू. प्रश्न शामिल नहीं किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, जिन छात्रों का परिणाम री-अपीयर आया है या जो इम्प्रूमैंट परीक्षा देना चाहते हैं, वे सितम्बर-2026 सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने की अवधि 5 जून से 30 जून 2026 तक तय की गई है। इसके बाद 1 जुलाई से 13 जुलाई 2026 तक 1000 विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। बोर्ड ने साफ किया है कि इस तय समयसीमा के बाद आवेदन की तारीख में कोई बढ़ौतरी नहीं की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा का कहना है कि परीक्षा परिणाम पूरी पारदर्शिता के साथ घोषित किए गए हैं, जो भी छात्र पुनर्मूल्यांकन, पुनः निरीक्षण या सितम्बर सत्र की परीक्षाओं के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपने संबंधित अध्ययन केंद्रों के माध्यम से समय पर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि निर्धारित तिथियों के बाद किसी भी सूरत में समय नहीं बढ़ाया जाएगा।