Edited By Kuldeep, Updated: 06 Oct, 2026 06:49 PM

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को नगरोटा बगवां से तीन बार विधायक रहे स्वर्गीय चौधरी राम चंद भाटिया के निवास स्थान अंतराड़ में जाकर उनके परिजनों के साथ संवेदना व्यक्त की।
नगरोटा बगवां (बिशन): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को नगरोटा बगवां से तीन बार विधायक रहे स्वर्गीय चौधरी राम चंद भाटिया के निवास स्थान अंतराड़ में जाकर उनके परिजनों के साथ संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चौधरी राम चंद भाटिया ईमानदार एवं पार्टी के कर्मठ सिपाही रहे हैं तथा उनकी कमी पार्टी के लिए गहरा आघात है। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पहली कैबिनेट में एक लाख बेरोजगारों को 58 साल की पक्की नौकरी देने का वायदा कर सत्ता पर काबिज हुई सुक्खू सरकार एक भी नौकरी नहीं दे पाई, जबकि अब तक 4 लाख बेरोजगारों को रोजगार मिल जाना चाहिए था।
नौकरियां देना तो दूर, उल्टा हर साल पूर्व सरकार में आऊटसोर्स पर रखे गए हजारों लोगों को नौकरी से निकाल दिया। सरकार के अंदर रहम नाम की कोई चीज नहीं है। बीते कल ही मंडी के नेरचौक मैडीकल कॉलेज में कार्यरत एक आऊटसोर्स कर्मी ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। क्योंकि सरकार ने बिना कुछ पूछे-समझे उसे नौकरी से निकाल दिया था।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और सुक्खू सरकार के बीच की कलह पूरे प्रदेश के सामने है। बड़ी-बड़ी बातें करने वाले मुख्यमंत्री बार-बार कैबिनेट की बैठकें टाल रहे हैं। उन्हें यह बताना चाहिए कि यह बैठकें क्यों टाली जा रही हैं, क्या कैबिनेट मंत्री ही बैठकों से किनारा कर रहे हैं। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार, कांगड़ा के विधायक पवन काजल, पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी, पूर्व विधायक अरुण कुमार कूका, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, पूर्व विधायक रीता धीमान, जिला भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, मीडिया प्रभारी विश्व चक्षु इत्यादि मौजूद थे।