Edited By Vijay, Updated: 04 Oct, 2026 03:58 PM

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में सीपीआईएम जिला सिरमौर कमेटी ने रविवार को नाहन में प्रदर्शन किया।
नाहन (आशु): मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में सीपीआईएम जिला सिरमौर कमेटी ने रविवार को नाहन में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्त्ता करीब 12 बजे ऐतिहासिक चौगान मैदान के समीप एकत्रित हुए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला लेकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्त्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका।
इस दौरान सीपीआईएम जिला सचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि 30 सितम्बर को दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की संयुक्त बैठक हुई थी, जिसमें निर्णय लिया गया कि 2 से 8 अक्तूबर तक सभी पार्टियां जिला मुख्यालयों और ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगी। ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद सरकारी संस्थाओं की स्वायत्तता प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि संविधान में चुनाव आयोग को एक स्वायत्त संस्था का दर्जा दिया गया है, ताकि देश में निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके, लेकिन उनके अनुसार चुनाव आयोग की स्वायत्तता को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।
राजेंद्र ठाकुर ने एसआईआर को लेकर दावा किया कि इसके चलते 13 करोड़ से अधिक नागरिकों को वोट के अधिकार से बाहर कर दिया गया है और आरोप लगाया कि एसआईआर एक साजिश है। हालांकि चुनाव आयोग ने 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने के दावे को भ्रामक बताया है और कहा है कि यह आंकड़ा ड्राफ्ट चरण में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट मतदाताओं की श्रेणियों से संबंधित है।
राजेंद्र ठाकुर ने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए और उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकद्दमा चलाया जाए। उन्होंने वोट काटने के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी उठाई। साथ ही चुनाव आयोग की स्वायत्तता बहाल करने और आयोग के गठन के लिए निष्पक्ष प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान आशीष कुमार, धनीराम, राम सिंह, बॉबी, जगदीश पुंडीर, आशा शर्मा, राकेश रमौल, हीरा सिंह, वंश सहित पार्टी के नेता और कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें