Edited By Vijay, Updated: 09 Jul, 2026 05:46 PM

हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने वीरवार को अवैध खनन, प्रदेश के विकास और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े तीन बड़े मुद्दों पर सरकार का रुख पूरी सख्ती से स्पष्ट किया। मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने जहां एक ओर हिमाचल-पंजाब सीमा पर खनन...
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने वीरवार को अवैध खनन, प्रदेश के विकास और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े तीन बड़े मुद्दों पर सरकार का रुख पूरी सख्ती से स्पष्ट किया। मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने जहां एक ओर हिमाचल-पंजाब सीमा पर खनन माफिया को कड़ी चेतावनी दी, वहीं महत्वाकांक्षी बल्क ड्रग पार्क के निर्माण की रफ्तार का ब्यौरा भी पेश किया। इसके साथ ही, राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी के मामले में उन्होंने भाजपा पर तीखा सियासी प्रहार किया।
अवैध खनन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी सरकार
हिमाचल-पंजाब सीमा पर धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन की शिकायतों पर उद्योग मंत्री ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य सरकार अवैध खनन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में सितम्बर महीने तक खनन गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि जहां से भी अवैध खनन की शिकायतें मिलें, वहां तुरंत और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
बल्क ड्रग पार्क का 95 प्रतिशत पानी और 75 प्रतिशत बिजली का काम पूरा
प्रदेश की तकदीर बदलने वाली बल्क ड्रग पार्क परियोजना पर बड़ा अपडेट देते हुए हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। अब तक परियोजना का लगभग 15 से 20 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। बुनियादी ढांचे की बात करें तो पानी की आपूर्ति का 95 प्रतिशत और बिजली से जुड़ा करीब 75 प्रतिशत काम संपन्न हो चुका है। कनैक्टिविटी को मजबूत करने के लिए क्षेत्र में डबल-लेन सड़क बनाई जाएगी, जिसके लिए लोक निर्माण विभाग को धनराशि जारी कर दी गई है। जल्द ही बची हुई टैंडर प्रक्रियाओं को भी अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
राम मंदिर आस्था का केंद्र, किसी एक दल की जागीर नहीं
प्रेस वार्ता के दौरान राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी के सवाल पर उद्योग मंत्री ने निष्पक्ष जांच की पुरजोर मांग की। उन्होंने भाजपा पर सीधा और तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राम मंदिर पूरे देश और करोड़ों हिंदुओं की अगाध आस्था का केंद्र है, यह किसी एक राजनीतिक दल की जागीर नहीं है।"उन्होंने कहा कि कांग्रेस सहित देश के हर नागरिक और दल को इस मुद्दे पर सवाल पूछने का पूरा लोकतांत्रिक अधिकार है। चौहान ने नसीहत देते हुए कहा कि भगवान राम के नाम का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करना गलत है, आस्था के विषयों को हमेशा राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें