Edited By Vijay, Updated: 14 Oct, 2022 08:40 PM

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि भाजपा के पास कांग्रेस की हर बात का जवाब है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस इस समय सबसे खराब दौर से गुजर रही है तथा उसे विधानसभा चुनाव में सफलता नहीं मिलेगी। जयराम ठाकुर यहां पत्रकारों से अनौपचारिक...
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि भाजपा के पास कांग्रेस की हर बात का जवाब है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस इस समय सबसे खराब दौर से गुजर रही है तथा उसे विधानसभा चुनाव में सफलता नहीं मिलेगी। जयराम ठाकुर यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की सोलन रैली पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अलग तरह का चुनाव होता है। प्रदेश के लोग मुद्दों पर बात करते हैं और उसके बाद अपना निर्णय सुनाते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र के सहयोग से प्रदेश में 10 हजार करोड़ रुपए के प्रोजैक्ट जमीन पर उतरे हैं, जिसमें एम्स और अटल टनल रोहतांग प्रमुख है। इसके अलावा प्रदेश को केंद्र सरकार की तरफ से बल्क ड्रग फार्मा पार्क और मैडीकल डिवाइस पार्क जैसे कई बड़े प्रोजैक्ट स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने प्रदेश में 12 नवम्बर को चुनाव करवाने के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस चुनाव को पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 5 साल का कार्यकाल समान्य परिस्थितियों वाला नहीं था, फिर भी सरकार ने हर वर्ग को राहत पहुंचाने का प्रयास किया है।
मोदी-शाह-नड्डा के कार्यक्रम बनेंगे
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कार्यक्रम बनेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा जोरदार तरीके से प्रचार करेगी। उन्होंने विकास कार्य में प्रदेश सरकार का सहयोग देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here