Kangra News: इंदौरा में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, बाजू में सिरिंज लगा मिला शव...ड्रग ओवरडोज की आशंका

Edited By Vijay, Updated: 16 Jul, 2026 04:28 PM

boy dies under suspicious circumstances syringe found inserted in his arm

इंदौरा के बैरियर चौक के समीप गुरुवार सुबह एक 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के बाजू में सिरिंज लगी होने के कारण प्रारंभिक तौर पर नशीले पदार्थ की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है।

इंदौरा (अजीज): इंदौरा के बैरियर चौक के समीप गुरुवार सुबह एक 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के बाजू में सिरिंज लगी होने के कारण प्रारंभिक तौर पर नशीले पदार्थ की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फोरैंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। 

गुरुवार सुबह बैरियर चौक के पास मैदान में एक युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। उसके बाएं बाजू में सिरिंज लगी हुई थी और शरीर के ऊपरी हिस्से पर कपड़े नहीं थे। सूचना मिलते ही डीएसपी संजीव कुमार यादव, थाना प्रभारी आशीष पठानिया तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से मृतक का मोबाइल फोन तथा पीबी-35-एक्स-0410 नंबर की स्कूटी भी बरामद कर जांच के लिए कब्जे में ली गई है। मृतक की पहचान शुभम (30) पुत्र सोम राज निवासी वार्ड नंबर-5, चनौर तहसील इंदौरा व जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। 

शुभम राजकीय स्नातक महाविद्यालय इंदौरा के समीप गन्ने का रस बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शुभम घटनास्थल तक कैसे पहुंचा, उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं तथा उसने किस प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन किया था? आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि शुभम विवाहित था और उसके परिवार में पत्नी तथा करीब 3 वर्षीय बेटा है। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि  पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम और फोरैंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जा सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!