Edited By Vijay, Updated: 16 Jul, 2026 03:43 PM

कुल्लू जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल की है। भाजपा ने 23 साल के लंबे इंतजार के बाद जिला परिषद कुल्लू पर अपना कब्जा जमा लिया है।
कुल्लू: कुल्लू जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल की है। भाजपा ने 23 साल के लंबे इंतजार के बाद जिला परिषद कुल्लू पर अपना कब्जा जमा लिया है। चुनाव में भाजपा समर्थित ठाकुर दास को नया अध्यक्ष और नीना जोशी को उपाध्यक्ष चुना गया है। यह चुनाव प्रक्रिया डीसी कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कुल 14 सदस्यों वाली इस जिला परिषद में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया। अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भाजपा के ठाकुर दास को 10 वोट मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार प्रवीण ठाकुर को मात्र 4 वोटों से संतोष करना पड़ा। इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा की नीना जोशी ने 10 वोट हासिल कर कांग्रेस समर्थित सुनील (4 वोट) को शिकस्त दी।
चुनाव परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद डीसी कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष ठाकुर दास और उपाध्यक्ष नीना जोशी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। दो दशकों से अधिक समय बाद मिली इस जीत से उत्साहित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इसके बाद पार्टी ने अपनी ताकत दिखाते हुए जिला परिषद भवन से लेकर ढालपुर चौक तक विजय रैली निकाली। इस जश्न में भाजपा के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। इनमें पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, भाजपा कुल्लू जिला प्रभारी बिहारी लाल शर्मा, सह प्रभारी प्रियंता शर्मा, जिलाध्यक्ष अमित सूद, बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी और आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इस मौके पर पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में जिस प्रकार जनता ने भाजपा को समर्थन दिया है, वह पार्टी की नीतियों पर मुहर है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की इन चुनावों में करारी हार हुई है और आगामी विधानसभा चुनावों में भी कुल्लू जिले की चारों सीटों पर भाजपा प्रचंड बहुमत हासिल कर प्रदेश में सरकार बनाएगी। वहीं, नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास ने भी जीत के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर नगर परिषद मनाली तक भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में कुल्लू जिले की चारों सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार भारी मतों से विजयी होंगे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें