Edited By Vijay, Updated: 25 Sep, 2026 10:56 PM

हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पैशल टास्क फोर्स को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ कुल्लू की टीम ने मणिकर्ण मार्ग पर चीलमोड़ के समीप...
कुल्लू (संजीव): हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पैशल टास्क फोर्स को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ कुल्लू की टीम ने मणिकर्ण मार्ग पर चीलमोड़ के समीप नाकाबंदी के दौरान गुजरात के 2 युवकों को 764 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ की टीम मणिकर्ण मार्ग पर चीलमोड़ के पास रूटीन नाकेबंदी पर मौजूद थी। इसी दौरान मणिकर्ण की तरफ से दो युवक पैदल आते हुए दिखाई दिए। सामने पुलिस टीम को देखकर दोनों युवक अचानक घबरा गए और पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगे। उनकी इस संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए एसटीएफ टीम ने तुरंत घेराबंदी की और दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। जब पुलिस ने संदेह के आधार पर उनके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 764 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि सिंह जडेजा (32) पुत्र वनराज सिंह निवासी रतनसिंह नो दरबार, मानसा, जिला गांधीनगर (गुजरात) और योगी जगदीश भाई (22) पुत्र जगदीशभाई निवासी मारुतिनगर, महावीरनगर, साबरकांठा, हिम्मतनगर (गुजरात) के रूप में हुई है।
एसटीएफ (मध्य खंड मंडी) के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चरस के साथ पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना मणिकर्ण में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहनता से जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी इतनी भारी मात्रा में यह चरस कुल्लू में किससे खरीद कर लाए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें