Kangra News: धर्मशाला नगर निगम पर BJP का कब्जा, शमशेर नैहरिया मेयर और प्रेरणा गुलेरिया बनीं डिप्टी मेयर

Edited By Vijay, Updated: 01 Jul, 2026 07:39 PM

bjp captured dharamshala municipal corporation

नगर निगम धर्मशाला में पिछले दो दिनों से चल रही भारी सियासी हलचल और खींचतान बुधवार को थम गई। आखिरकार धर्मशाला को अपना नया मेयर और डिप्टी मेयर मिल गया है। चुनाव में भाजपा ने परचम लहराते हुए दोनों अहम पदों पर कब्जा जमा लिया है।

धर्मशाला (जिनेश): नगर निगम धर्मशाला में पिछले दो दिनों से चल रही भारी सियासी हलचल और खींचतान बुधवार को थम गई। आखिरकार धर्मशाला को अपना नया मेयर और डिप्टी मेयर मिल गया है। चुनाव में भाजपा ने परचम लहराते हुए दोनों अहम पदों पर कब्जा जमा लिया है। बुधवार को सर्वसम्मति से भाजपा के वार्ड नंबर-2 के पार्षद शमशेर नैहरिया को मेयर और वार्ड नंबर-8 की पार्षद प्रेरणा गुलेरिया को डिप्टी मेयर चुन लिया गया। इन दोनों ने धर्मशाला नगर निगम के 5वें मेयर और डिप्टी मेयर के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कांग्रेस पार्षदों ने चुनाव प्रक्रिया से बनाई दूरी
इस पूरी चुनाव प्रक्रिया से कांग्रेस पार्षदों ने पूरी तरह दूरी बनाए रखी और बायकॉट किया। चुनाव प्रक्रिया में भाजपा के अलावा एकमात्र निर्दलीय पार्षद ने ही हिस्सा लिया। जानकारी के अनुसार चुनाव प्रक्रिया शुरू होने पर मेयर पद के लिए शमशेर नैहरिया के नाम का प्रस्ताव वार्ड-15 के पार्षद प्रवीण ने रखा, जिस पर सभी ने अपनी सहमति जताई। वहीं, डिप्टी मेयर पद के लिए प्रेरणा गुलेरिया के नाम का प्रस्ताव निर्दलीय पार्षद नरेश ने रखा, जिसे भी सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। गौरतलब है कि 28 जून को कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव टाल दिया गया था। इसके बाद डीसी ने बुधवार दोपहर 3 बजे का समय तय किया था। बुधवार को चुनाव के लिए कोरम के संख्या बल की कोई सीमा नहीं थी। चुनाव को लेकर भाजपा पूरी तरह सतर्क थी। धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा दोपहर 3 बजे से पहले ही भाजपा के सभी 11 पार्षदों को लेकर हॉल में पहुंच गए। पिछले कोरम से दूरी बनाने वाले निर्दलीय पार्षद नरेश भी इस बार चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने पहुंचे। कांग्रेस का कोई पार्षद मौजूद न होने के कारण भाजपा के उम्मीदवार सर्वसम्मति से चुन लिए गए।

भाजपा पार्षद के चुनाव प्रक्रिया छोड़कर जाने से गर्माया माहौल
चुनाव के दौरान एक दिलचस्प सियासी वाकया भी देखने को मिला। मेयर-डिप्टी मेयर चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के तुरंत बाद भाजपा का ही एक पार्षद प्रक्रिया खत्म होने से पहले हॉल छोड़कर बाहर चला गया। इसके चलते सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया, क्योंकि बताया जा रहा है कि उक्त पार्षद का नाम भी मेयर पद की दौड़ में चल रहा था।

ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न, हनुमान मंदिर में टेका माथा
सर्वसम्मति से जीत की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्त्ताओं ढोल-नगाड़े बजाकर जश्न मनाया। इसके बाद नवनिर्वाचित मेयर, डिप्टी मेयर और समर्थकों ने हनुमान मंदिर जाकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया। शाम को दोनों ने समर्थकों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचकर विधिवत अपना कार्यभार संभाल लिया। डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि मेयर-डिप्टी मेयर के पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया बुधवार को पूरी हुई। कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया में भाग नहीं लिया, जिसके चलते भाजपा पार्षदों ने सर्वसम्मति से शमशेर नैहरिया को मेयर व प्रेरणा गुलेरिया को डिप्टी मेयर चुन लिया गया। 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!