Edited By Vijay, Updated: 13 Jun, 2026 04:25 PM

हमीरपुर जिले के उपमंडल नादौन के अंतर्गत ग्राम पंचायत मंझियार के गंडियाना गांव में आम जनता की आवाजाही के लिए बनाए गए एक सार्वजनिक रास्ते को बंद करने का मामला सामने आया है।
नादौन (जैन): हमीरपुर जिले के उपमंडल नादौन के अंतर्गत ग्राम पंचायत मंझियार के गंडियाना गांव में आम जनता की आवाजाही के लिए बनाए गए एक सार्वजनिक रास्ते को बंद करने का मामला सामने आया है। पंचायत द्वारा निर्मित इस रास्ते को एक व्यक्ति द्वारा अवरुद्ध किए जाने पर नादौन प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए एसडीएम निशांत शर्मा ने रास्ता बंद करने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की है।
एसडीएम निशांत शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित व्यक्ति को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 152 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रशासन की ओर से आरोपी को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए निर्देश दिए गए हैं कि वह हर हाल इस अवरुद्ध रास्ते को खोल दे, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही, उक्त व्यक्ति को 15 जून की दोपहर 2:30 बजे अपना लिखित जवाब लेकर एसडीएम न्यायालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक संपत्ति पर किसी भी प्रकार का कब्जा या अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम निशांत शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से जनहित को ध्यान में रखकर की गई है। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि नोटिस मिलने के बावजूद उक्त व्यक्ति आदेशों का पालन नहीं करता है और रास्ता खोलने में सहयोग नहीं देता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें