Kangra News: पेपर मिल में भयानक हादसा, मशीन से कागज निकाल रहे कर्मचारी को ऐसे मिली खौफनाक मौत

Edited By Vijay, Updated: 04 Jul, 2026 03:01 PM

accident at the paper mill

औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरस स्थित जस्सर पेपर मिल प्राइवेट लिमिटेड में एक दिल दहला देने वाला हादसा पेश आया है। यहां ड्यूटी के दौरान पेपर रोलिंग मशीन की चपेट में आने से एक 50 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई।

संसारपुर टैरस (अरविंद): औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरस स्थित जस्सर पेपर मिल प्राइवेट लिमिटेड में एक दिल दहला देने वाला हादसा पेश आया है। यहां ड्यूटी के दौरान पेपर रोलिंग मशीन की चपेट में आने से एक 50 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान कीर्ति सिंह पुत्र कोतवाल सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के चमोली जिले के गांव कंदेरी का रहने वाला था।

फंसा हुआ पेपर निकालते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कीर्ति सिंह फैक्टरी में पेपर रोलिंग मशीन के ऊपर अपनी ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान अचानक मशीन में पेपर फंस गया। कीर्ति ने फंसे हुए पेपर को बाहर निकालने के लिए जैसे ही उसे हाथ से खींचा, पलक झपकते ही उसका हाथ मशीन की चपेट में आ गया। इसके बाद तेज रफ्तार मशीन ने कर्मचारी को अंदर की तरफ खींचना शुरू कर दिया।

साथी ने बंद की मशीन, अस्पताल में तोड़ा दम
हादसा होते ही मशीन के पास मौजूद एक अन्य साथी कर्मचारी की नजर कीर्ति पर पड़ी। उसने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए मशीन को बंद कर दिया। इसके बाद वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल कीर्ति सिंह को इलाज के लिए बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा पहुंचाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और जांच के बाद डॉक्टरों ने कीर्ति को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस और फोरैंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही शनिवार को डीएसपी डाडासीबा राज कुमार और पुलिस थाना संसारपुर टैरस के प्रभारी संजय शर्मा अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही नूरपुर से बुलाई गई फोरैंसिक टीम के कर्मचारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों से जुड़े आवश्यक साक्ष्य  जुटाए।

देहरा में होगा पोस्टमार्टम, परिजनों का इंतजार
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी डाडासीबा राज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यही सामने आया है कि मशीन में फंसा कागज निकालते समय कर्मचारी मशीन की चपेट में आ गया था, जिसके चलते अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। फोरैंसिक टीम की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डीएसपी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके पहुंचने के बाद देहरा में शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!