Edited By Vijay, Updated: 18 Aug, 2026 03:32 PM

हिमाचल प्रदेश में फीस वृद्धि के विरोध और छात्र संघ चुनावों की पुनः बहाली की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को धर्मशाला महाविद्यालय में उग्र प्रदर्शन किया।
धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश में फीस वृद्धि के विरोध और छात्र संघ चुनावों की पुनः बहाली की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को धर्मशाला महाविद्यालय में उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सुबह कॉलेज परिसर में पूर्ण रूप से तालाबंदी कर दी और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए फीस वृद्धि के फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की।
जानकारी के अनुसार एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार सुबह करीब 9 बजे ही कॉलेज के दोनों मुख्य द्वारों पर ताला जड़ दिया। इस तालाबंदी के कारण किसी भी छात्र या कॉलेज कर्मचारी को अंदर दाखिल होने की अनुमति नहीं दी गई। नतीजतन, बड़ी संख्या में विद्यार्थी और स्टाफ सदस्य गेट के बाहर ही खड़े रहने को मजबूर हो गए। मुख्य द्वार पर छात्रों की भारी भीड़ जुटने और वाहनों की आवाजाही रुकने से सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम गई, जिससे कुछ समय के लिए हल्का ट्रैफिक जाम भी लग गया।

प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थी परिषद के नेताओं ने प्रदेश सरकार और शिक्षा प्रशासन को आड़े हाथों लिया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार द्वारा लगातार की जा रही फीस वृद्धि से आम छात्रों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एबीवीपी ने खुली चेतावनी दी है कि जब तक छात्र हित में निर्णय नहीं लिया जाता और चुनाव बहाल नहीं होते, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा। यदि मांगें नहीं मानी गईं तो इस आंदोलन को पूरे प्रदेश स्तर पर और अधिक उग्र किया जाएगा।

कॉलेज के मुख्य द्वार पर करीब एक घंटे तक चले इस विरोध-प्रदर्शन के बाद सुबह लगभग 10 बजे कॉलेज प्रशासन ने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत की। कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और उनकी बात उच्च स्तर तक पहुंचाने के आश्वासन के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने ताला खोल दिया। गेट खुलने के बाद ही कॉलेज परिसर में शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से शुरू हो सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें