Edited By Vijay, Updated: 17 May, 2026 05:49 PM

राजगढ़ नगर पंचायत के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए हैं। सुबह 7 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक निर्बाध रूप से जारी रही।
राजगढ़ (गोपाल): राजगढ़ नगर पंचायत के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए हैं। सुबह 7 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक निर्बाध रूप से जारी रही। चुनाव के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिसके चलते किसी भी मतदान केंद्र से कोई विवाद, हंगामे अथवा अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। नगर पंचायत चुनाव में कुल 78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। राजगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 1982 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान प्रक्रिया के दौरान एक दिलचस्प बात यह देखने को मिली कि अधिकांश मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें या भीड़ नहीं थी। यहां तक कि कई केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों (चुनाव कर्मचारियों) को मतदाताओं के पहुंचने का इंतजार भी करना पड़ा। इसके बावजूद, मतदाताओं ने दिनभर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और कुल मतदान का आंकड़ा 78 प्रतिशत तक पहुंच गया।
चुनाव के दौरान वार्ड नंबर-1 का मतदान केंद्र जोकि लोक निर्माण विभाग कार्यालय में स्थापित किया गया था, लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस मतदान केंद्र की खासियत यह थी कि यहां मतदान प्रक्रिया का पूरा संचालन विशेष रूप से महिला कर्मचारियों द्वारा किया गया। महिला सशक्तिकरण की इस शानदार मिसाल की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की। वार्ड नंबर-1 के मतदान आंकड़े भी बेहद रोचक रहे। इस केंद्र पर कुल 250 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 210 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सबसे खास बात यह रही कि मतदान करने वालों में महिला और पुरुष दोनों की भागीदारी बिल्कुल बराबर रही। यहां 105 महिला और 105 पुरुष मतदाताओं ने अपना वोट डालकर लोकतंत्र के प्रति समान आस्था दिखाई।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें