Edited By Vijay, Updated: 10 Jul, 2026 11:06 PM

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा स्टाफ नर्स (जॉब ट्रेनी) के 71 पदों पर बैचवाइज आधार पर भर्ती की जा रही है। जिला रोजगार अधिकारी मंडी अरविंद सिंह चौहान ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि...
मंडी (ब्यूरो): स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा स्टाफ नर्स (जॉब ट्रेनी) के 71 पदों पर बैचवाइज आधार पर भर्ती की जा रही है। जिला रोजगार अधिकारी मंडी अरविंद सिंह चौहान ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इन 71 पदों को भरने के लिए जिला रोजगार कार्यालय मंडी के माध्यम से पात्र अभ्यर्थियों के नाम स्वास्थ्य विभाग को प्रायोजित किए जाएंगे।
पंजीकरण और रिन्यूअल के लिए 24 जुलाई तक का अल्टीमेटम
जिला रोजगार अधिकारी ने भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले विभिन्न बैच के सभी पात्र अभ्यर्थियों को अलर्ट किया है। उन्होंने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी का नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत नहीं है या किसी कारणवश उनका पुराना पंजीकरण व्यपगत (लैप्स/समाप्त) हो गया है, तो वे इसे हर हाल में 24 जुलाई, 2026 तक रिन्यू करवा लें। जो अभ्यर्थी इस निर्धारित तिथि तक अपना पंजीकरण या नवीनीकरण करवा लेंगे, केवल उन्हीं के नाम समय पर स्वास्थ्य विभाग को प्रायोजित किए जाएंगे।
जानें किस श्रेणी के लिए कौन-सा बैच किया गया निर्धारित
रोजगार कार्यालय द्वारा स्वास्थ्य विभाग को नाम भेजने के लिए विभिन्न श्रेणियों के अंतिम कट-ऑफ बैच भी निर्धारित कर लिए गए हैं। अनारक्षित श्रेणी में 28 पदों के लिए दिसम्बर 2010 बैच, अनारक्षित ईडब्लूएस के 7 पदों के लिए जून 2011 और अनारक्षित डब्लूएफएफ के एक पद के लिए दिसम्बर 2012 तक का बैच तय किया गया है। वहीं, ओबीसी श्रेणी में 13 पदों के लिए दिसम्बर 2012 बैच और ओबीसी बीपीएल में 3 पदों के लिए दिसम्बर 2013 बैच निर्धारित किया गया है।
एससी और एसटी वर्ग के लिए ये रहेगा बैच
आरक्षित वर्गों की बात करें तो अनुसूचित जाति (एससी) श्रेणी में 13 पदों के लिए दिसम्बर 2013 बैच, अनुसूचित जाति बीपीएल के 3 पदों के लिए दिसम्बर 2014 बैच तथा अनुसूचित जाति डब्लूएफएफ श्रेणी में एक पद के लिए दिसम्बर 2017 बैच निर्धारित किया गया है। इसके अलावा अनुसूचित जनजाति (एसटी) श्रेणी में दो पदों के लिए दिसम्बर 2013 का अंतिम बैच तय किया गया है। इन्हीं बैच के आधार पर रोजगार कार्यालय से नाम भेजे जाएंगे।
ईईएमआईएस पोर्टल से घर बैठे करें ऑनलाइन रिन्यू
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से विशेष अनुरोध किया है कि वे भर्ती से वंचित न रहें, इसके लिए तुरंत अपने रोजगार पंजीकरण की स्थिति की जांच कर लें। उम्मीदवार अपने निकटतम जिला या उप-रोजगार कार्यालय में जाकर यह सुनिश्चित कर लें कि उनका पंजीकरण सक्रिय है या नहीं। यदि पंजीकरण समाप्त हो गया है, तो अभ्यर्थी 24 जुलाई से पूर्व कार्यालय जाकर या फिर घर बैठे ईईएमआईएस पोर्टल के माध्यम से भी अपना ऑनलाइन पंजीकरण अथवा नवीनीकरण कर सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें