Edited By Vijay, Updated: 02 Jul, 2026 03:42 PM

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में बिलासपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में बिलासपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से कुल 5.04 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों मामलों में संबंधित पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को देख घबराए कार सवार, तलाशी में निकला चिट्टा
पहले मामले की कार्रवाई नम्होल पुलिस चौकी की टीम ने की। गत दिवस पुलिस टीम शिमला-हमीरपुर नेशनल हाईवे-205 पर कहलूर डेयरी के समीप यातायात व्यवस्था जांचने के लिए तैनात थी। इसी दौरान वहां एक कार (HP 52C-3592) संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। पुलिस को अपनी ओर आता देख वाहन में सवार दोनों युवक बुरी तरह घबरा गए। पुलिस ने जब संदेह के आधार पर वाहन की तलाशी ली, तो उनके पास से 0.47 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों की पहचान पुनीत कुमार उर्फ टिंकू और नरेंद्र कुमार उर्फ नीशू के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गांव कोलका, डाकघर दानोघाट, तहसील अर्की व जिला सोलन के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ पुलिस थाना बरमाणा में मामला दर्ज कर लिया है।
ढाबे की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार
दूसरी कार्रवाई में बिलासपुर पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गत रात मल्यावर टनल नंबर-4 के समीप स्थित एक ढाबे पर अचानक छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को ढाबे के अंदर से 4.57 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ढाबा संचालक संजीव कुमार (42) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी संजीव कुमार गांव जबल्याना, डाकघर ननावां, तहसील घुमारवीं व जिला बिलासपुर का निवासी है। पुलिस ने आरोपी ढाबा संचालक के खिलाफ घुमारवीं पुलिस थाने में मामला दर्ज किया है।
नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा : एसपी
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने दोनों मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें