Edited By Vijay, Updated: 20 Jun, 2026 01:57 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ कांगड़ा पुलिस का ऑप्रेशन नया सवेरा तस्करों के लिए काल साबित हो रहा है। पुलिस अब सिर्फ नशे की छोटी खेप पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि बैकवर्ड इन्वेस्टिगेशन के माध्यम से इस काले कारोबार की जड़ें खोद रही है।
पालमपुर (भृगु): हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ कांगड़ा पुलिस का ऑप्रेशन नया सवेरा तस्करों के लिए काल साबित हो रहा है। पुलिस अब सिर्फ नशे की छोटी खेप पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि बैकवर्ड इन्वेस्टिगेशन के माध्यम से इस काले कारोबार की जड़ें खोद रही है। इसी कड़ी में कांगड़ा पुलिस की विशेष टीमों ने पंजाब में दबिश देकर एक अंतर्राज्यीय ड्रग नैटवर्क के 3 प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। इन शातिर तस्करों को पकड़ने के लिए कांगड़ा पुलिस ने विशेष टीमें पंजाब भेजी थीं। टीमों ने सुनियोजित रणनीति के तहत अलग-अलग स्थानों पर एक साथ रेड की और तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गौरव साहोता, हनी पुत्र सोमनाथ और हनी कुमार पुत्र ऋषि कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच, कॉल डिटेल्स और वित्तीय लेन-देन की कुंडली खंगालने पर इस सिंडिकेट के काम करने का चौंकाने वाला तरीका सामने आया है। आरोपी हनी कुमार मुख्य सरगना अभिषेक साहोता को चिट्टा सप्लाई करने वाले बड़े सप्लायरों का खास गुर्गा था। पूरे नैटवर्क को ऑप्रेट करने में इसकी अहम भूमिका थी। वहीं, गौरव साहोता और हनी पुत्र सोमनाथ तस्करों के फाइनांस मैनेजर थे। मादक पदार्थों की बिक्री से कमाए गए करोड़ों रुपयों का प्रबंधन और वित्तीय लेन-देन का संचालन यही दोनों करते थे।
अब तस्करों की संपत्तियों पर हथौड़ा चलाने की तैयारी
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि नशे की तस्करी से कमाई गई भारी-भरकम रकम अलग-अलग बैंक खातों और अन्य माध्यमों से घुमाई जा रही थी। पुलिस अब इस संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और ड्रग मनी से बनाई गई संपत्तियों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कर रही है, ताकि उन्हें जब्त किया जा सके।
पालमपुर पुलिस ने अब तक 22 आरोपी किए गिरफ्तार
पालमपुर थाना की टीम नशा तस्करी से जुड़े मामलों में अब तक 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन मामलों में पुलिस ने 167.18 ग्राम हैरोइन (चिट्टा), एक पिस्तौल, भारी मात्रा में गोला-बारूद और 18 इलैक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। कांगड़ा के एसपी अशोक रतन ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि ऑप्रेशन नया सवेरा के तहत नशा तस्करी के विरुद्ध यह अभियान आगे भी पूरी प्रतिबद्धता और सख्ती से जारी रहेगा। नैटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों, आर्थिक मुनाफा कमाने वालों और अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस जंग में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना बिना डरे तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें