Edited By Vijay, Updated: 30 Jul, 2026 02:40 PM

बिलासपुर पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है।
बिलासपुर/घुमारवीं (बंशीधर/जम्वाल): बिलासपुर पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने घुमारवीं थाना क्षेत्र के अंतर्गत बलोह फोरलेन के समीप लिंक रोड मल्यावर में नाकाबंदी के दौरान 2 पिकअप वाहनों में अवैध रूप से ले जाई जा रही बीयर 346 पेटियां बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने दोनों वाहन चालकों को गिरफ्तार कर वाहनों को जब्त कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्पैशल डिटैक्शन टीम मल्यावर क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान टीम ने शक के आधार पर वहां से गुजर रहे 2 पिकअप वाहनों को जांच के लिए रोका। जब वाहनों की तलाशी ली गई तो उनमें से कुल 346 पेटियां अवैध बीयर बरामद हुई। इनमें 250 पेटी ट्यूबर्ग तथा 96 पेटी किंगफिशर ब्रांड की बीयर शामिल है। पुलिस ने आरोपियों से इसका परमिट मांगा लेकिन वह कोई कागज पेश नहीं कर पाए। पुलिस ने मौके पर ही बीयर की खेप को कब्जे में लेकर दोनों वाहन चालकों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल (23) पुत्र राजू और धीरज (25) पुत्र अंजू शर्मा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गांव व डाकघर नोआ, तहसील सदर व जिला बिलासपुर के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों को भी इंपाऊंड कर लिया है।
बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब गंभीरता से इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध बीयर की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। इस अवैध कारोबार से जुड़े नैटवर्क के अन्य लोगों की संलिप्तता की भी गहनता से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें