कांगड़ा पुलिस ने 3 दिन में सुलझाई ब्लाइंड चेन स्नैचिंग की गुत्थी, राजस्थान और हरियाणा से 2 आरोपी गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 24 May, 2026 05:27 PM

2 accused arrested in chain snatching case

कांगड़ा पुलिस ने एक बार फिर अपनी बेहतरीन कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए मात्र तीन दिन के भीतर एक ब्लाइंड चेन स्नैचिंग के मामले को सुलझा लिया है।

कांगड़ा (कालड़ा): कांगड़ा पुलिस ने एक बार फिर अपनी बेहतरीन कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए मात्र तीन दिन के भीतर एक ब्लाइंड चेन स्नैचिंग के मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में हरियाणा और राजस्थान से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही लूटी गई सोने की चेन भी पंजाब से बरामद कर ली है।

मंदिर जाते समय हुई थी वारदात

डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने पत्रकार वार्ता में मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 20 मई की सुबह एक बुजुर्ग महिला मंदिर जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने महिला के गले से सोने की चेन झपटी और वहां से फरार हो गए। वारदात के वक्त मौके पर कोई चश्मदीद मौजूद नहीं था। महिला ने घर जाकर जब परिजनों को यह बात बताई, तब उनके दामाद ने कांगड़ा पुलिस स्टेशन पहुंचकर इस घटना की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

सीसीटीवी और पड़ोसियों से मिला सुराग

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शहर में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों संदिग्ध और उनकी बाइक कांगड़ा बस स्टैंड से कुछ दूरी पर एक शोरूम के पास नजर आए। पुलिस ने जब आसपास पूछताछ की तो पता चला कि दोनों युवक बाहरी राज्यों के हैं और यहां कबाड़ का काम करते हैं। पड़ोसियों ने बताया कि वे किसी निजी काम से पंजाब गए हैं और उनका मोबाइल नंबर भी पुलिस के साथ सांझा किया।

हरियाणा और राजस्थान से हुई गिरफ्तारियां

सुराग मिलते ही थाना प्रभारी कांगड़ा संजीव कुमार और केस के जांच अधिकारी जगपाल सिंह के नेतृत्व में एक टीम तुरंत रवाना हुई। पुलिस ने महेंद्रगढ़ (हरियाणा) पुलिस की मदद से पहले आरोपी राहुल (24) को महेंद्रगढ़ जिले के डकोरा गांव से गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरे आरोपी सनी कुमार (28) को कोटपूतली, जिला जयपुर (राजस्थान) से धर दबोचा। दोनों आरोपी मूल रूप से इन्हीं जिलों के रहने वाले हैं।

91 हजार में बेची थी चेन, कीरतपुर से हुई बरामद

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने लूटी गई सोने की चेन पंजाब के कीरतपुर स्थित 'शैली ज्वेलर्स' को 91,000 रुपये में बेची है। इस जानकारी पर पुलिस टीम ने तुरंत कीरतपुर जाकर ज्वेलर की दुकान पर छापा मारा और छीनी गई चेन बरामद कर ली।

आरोपियों को कोर्ट से मिला 4 दिन का पुलिस रिमांड 

दोनों आरोपियों को कांगड़ा की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर भी गहनता से पूछताछ की जाएगी। डीएसपी अंकित शर्मा ने आम जनता से अपील की है कि ऐसी कोई भी घटना होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचित करें। जहां तक संभव हो सके, समझदारी से अपराधियों को रोकने का प्रयास करें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!