Edited By Vijay, Updated: 09 Oct, 2026 03:54 PM

हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा के चुराह उपमंडल के नरेड़ गांव में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राजपुरा जेल से फरार अपराधी इब्राहिम अचानक हथियारों के साथ एक स्थानीय ग्रामीण के घर में घुस गया।
तीसा (सुभानदीन): हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा के चुराह उपमंडल के नरेड़ गांव में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राजपुरा जेल से फरार अपराधी इब्राहिम अचानक हथियारों के साथ एक स्थानीय ग्रामीण के घर में घुस गया। आरोपी ने परिवार के सदस्यों को डरा-धमका कर कुछ देर के लिए बंधक बनाए रखा और फिर वहां से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर नाकेबंदी कर सर्च ऑप्रेशन तेज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार वीरवार देर शाम नरेड़ निवासी दिलदारो अपने ससुर बशीर के साथ घर के आंगन में पशुओं से जुड़ा काम कर रही थीं। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति उनके घर में दाखिल हुआ। उसकी लंबी दाढ़ी थी और उसने काले रंग का कोट, स्लेटी कुर्ता-पायजामा और काली पगड़ी पहन रखी थी। परिजनों के अनुसार, उस व्यक्ति के हाथों में हथियार थे। जब परिवार ने उससे पूछताछ की, तो उसने अपनी पहचान इब्राहिम के रूप में दी और बताया कि वह जेल से फरार हुआ मुजरिम है। उसने परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और दावा किया कि उसके पास विस्फोटक भी है।
फोन छीनकर की बात और जंगल में हुआ फरार
आरोपी ने डरा-धमका कर महिला का फोन लिया और 'रसीलो' नाम के किसी व्यक्ति को कॉल की। उसने फोन पर कहा कि वह अब धार-पठानकोट की तरफ आ रहा है। इसके बाद उसने परिवार के कुछ अन्य सदस्यों को भी फोन कर धमकाया। करीब आधे घंटे तक घर में रहने के बाद आरोपी ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गया। परिजनों ने किसी तरह खिड़की से बाहर निकलकर पुलिस चौकी नकरोड़ को इस घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही नकरोड़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के रिहायशी इलाकों व जंगलों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन तब तक आरोपी वहां से निकल चुका था।
डेढ़ साल पहले जेल से हुआ था फरार
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी इब्राहिम का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। करीब डेढ़ साल पहले उस पर नरेड़ गांव से ही एक युवती को बहला-फुसलाकर अगवा करने का आरोप लगा था। इस मामले में महिला थाना चम्बा में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था और उसे न्यायिक हिरासत में राजपुरा जेल भेज दिया गया था। हालांकि, कुछ समय बाद वह राजपुरा जेल से फरार होने में कामयाब हो गया। तब से लेकर अब तक वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

25,000 रुपए का ईनाम घोषित, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गुप्त
एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस बल को अलर्ट कर दिया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस विभाग ने इस फरार अपराधी की सूचना देने वाले के लिए 25,000 रुपए के नकद ईनाम की घोषणा की है। एसपी ने आम जनता से अपील की है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यदि किसी को भी इस संदिग्ध व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें