Edited By Vijay, Updated: 10 Oct, 2026 07:07 PM

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के चुराह उपमंडल में राजपुरा जेल से फरार मुजरिम इब्राहिम पुलिस और स्थानीय प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
तीसा/चम्बा (सुभानदीन): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के चुराह उपमंडल में राजपुरा जेल से फरार मुजरिम इब्राहिम पुलिस और स्थानीय प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। लगभग डेढ़ साल से पुलिस की पकड़ से बाहर इस अपराधी ने हाल ही में एक परिवार को बंधक बनाकर धमकाया है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए गंभीर घटनाओं को अंजाम देने की धमकियां दे रहा है।
जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व चुराह उपमंडल के नरेड गांव में इब्राहिम ने बशीर नामक ग्रामीण के घर पर अचानक धावा बोल दिया। घटना के समय परिवार के सदस्य आंगन में काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लंबी दाढ़ी, काले रंग का कोट और पगड़ी पहने यह आरोपी हथियारों से लैस था। आरोपी ने डरा-धमका कर परिवार को अपने कब्जे में लिया और खुद को राजपुरा जेल से फरार इब्राहिम बताया। इसके बाद उसने पीड़ित परिवार के मोबाइल फोन से एक महिला को कॉल कर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दीं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी परिवार को घर के अंदर बाहर से कुंडी लगाकर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
वायरल ऑडियो की जांच में जुटी पुलिस
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में इब्राहिम पुलिस के इकबाल को चुनौती देते हुए शेखी बघार रहा है कि पिछले डेढ़ साल से पुलिस मेरा क्या बिगाड़ पाई है। वायरल रिकॉर्डिंग में वह बेहद आक्रामक लहजे में बात करते हुए कई लोगों को नुक्सान पहुंचाने और बड़े पैमाने पर खूनी खेल खेलने की धमकियां दे रहा है। इस संवेदनशील मामले पर चम्बा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस ने वायरल ऑडियो का संज्ञान लिया है। यह ऑडियो कब रिकॉर्ड किया गया है और इसकी प्रामाणिकता क्या है, इसकी गहन जांच चल रही है।
अपराध का रहा है लंबा इतिहास
इब्राहिम का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उस पर चम्बा महिला थाने में एक युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था। गिरफ्तारी के बाद उसे राजपुरा जेल में रखा गया था, जहां से वह करीब डेढ़ साल पहले (27 मई, 2025 को) पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। जेल से भागने के कुछ हफ्तों बाद (24 जून को) उसने पीड़िता के घर पर हमला कर उसके दादा पर फायरिंग की थी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके अलावा उस पर ग्रामीण इलाकों की गऊशालाओं को जलाने, दीवारों पर धमकी भरे संदेश लिखने और पत्र फैंककर दहशत फैलाने के आरोप भी हैं।
पुलिस ने अपराधी को पकड़ने के लिए रखा है ईनाम
लगातार मिल रही धमकियों और हालिया बंधक कांड के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश और दहशत है। पुलिस विभाग ने इस चुनौती से निपटने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सुरक्षा एजैंसियों और खुफिया तंत्र को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस ने इस मुजरिम की पुख्ता सूचना देने या उसे पकड़वाने वाले के लिए नकद ईनाम भी घोषित कर रखा है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें