Himachal: रेव पार्टी मामले में हाईकोर्ट की सख्ती के बाद सरकार का बड़ा एक्शन, DC और SP कुल्लू का तबादला

Edited By Vijay, Updated: 05 Aug, 2026 10:27 PM

transfer of dc and sp kullu

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के जंगलों में आयोजित रेव पार्टी मामले में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा कड़ा रुख अपनाए जाने के बाद राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के जंगलों में आयोजित रेव पार्टी मामले में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा कड़ा रुख अपनाए जाने के बाद राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद सरकार ने तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करते हुए कुल्लू के डीसी और एसपी का तबादला कर दिया है।

सुरजीत सिंह को डीसी का अतिरिक्त जिम्मा, अभिषेक एस. बने नए एसपी
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत राज्य सरकार ने एचएएस अधिकारी एवं एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह को डीसी कुल्लू का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। वहीं, जिले की कानून व्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने के लिए आईपीएस अधिकारी अभिषेक एस. को कुल्लू के नए एसपी के पद पर तैनाती दी गई है। अभिषेक एस. इससे पहले एसपी (कानून व्यवस्था) के साथ-साथ एसपी साइबर क्राइम (सीआईडी) का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।

अनुराग चंद्र शर्मा कार्मिक विभाग और मदन लाल पुलिस मुख्यालय तलब
सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, कुल्लू के निवर्तमान डीसी एवं आईएएस अधिकारी अनुराग चंद्र शर्मा को तत्काल प्रभाव से कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह, निवर्तमान एसपी एवं एचपीएस अधिकारी मदन लाल को शिमला स्थित पुलिस मुख्यालय में रिपोर्ट करने को कहा गया है।

हाईकोर्ट की फटकार के बाद प्रशासन में हुआ बदलाव
गौरतलब है कि कुल्लू जिला पर्यटन की दृष्टि से विश्वभर में विख्यात है। यहां हर साल देश-विदेश से भारी संख्या में सैलानी छुट्टियां मनाने पहुंचते हैं। ऐसे में इस पर्यटन नगरी में कानून व्यवस्था और सुरक्षा को कायम रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक रहता है। कुल्लू के जंगलों में रेव पार्टी जैसे गैर-कानूनी कृत्य के मामले में जब राज्य की सर्वोच्च अदालत को दखल देकर सख्ती दिखानी पड़ी, तो इससे स्थिति की गंभीरता और प्रशासनिक चूक का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। हाईकोर्ट की इसी फटकार के बाद सरकार को कुल्लू के प्रशासनिक और पुलिस तंत्र में यह बड़ा बदलाव करने के लिए बाध्य होना पड़ा है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!