Edited By Vijay, Updated: 02 Aug, 2026 01:19 PM

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा आम जनता की सुविधा के लिए शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। सुक्खू सरकार द्वारा हिमाचल पथ परिवहन निगम के माध्यम से चलाई गई प्रथम दर्शन योजना....
करसोग/मंडी: हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा आम जनता की सुविधा के लिए शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। सुक्खू सरकार द्वारा हिमाचल पथ परिवहन निगम के माध्यम से चलाई गई प्रथम दर्शन योजना देवभूमि में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ निगम की आर्थिक सेहत सुधारने में भी मील का पत्थर साबित हो रही है।
धार्मिक पर्यटन और एचआरटीसी की आय को मिला बूस्टर
प्रथम दर्शन योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के प्रमुख देव स्थलों को एचआरटीसी की सीधी बस सेवा से जोड़ना है। इस योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को अपने आराध्य देवी-देवताओं के दर्शन करने और सुरक्षित यात्रा की सुलभ सुविधा मिल रही है। नई बसों के संचालन से न केवल मंदिरों तक लोगों की पहुंच बढ़ी है, बल्कि लगातार घाटे से जूझ रहे हिमाचल पथ परिवहन निगम की आर्थिक स्थिति में भी सुधार नजर आ रहा है।
करसोग से शिकारी माता तक का सफर हुआ आसान
इस योजना के तहत एचआरटीसी के करसोग डिपो ने प्रसिद्ध देव स्थल माता शिकारी मंदिर को भी सीधी बस सेवा से जोड़ा है। इससे करसोग क्षेत्र और प्रदेश के अन्य हिस्सों से आने वाले भक्तों के लिए माता के दरबार तक पहुंचना बेहद सुगम हो गया है। यह विशेष बस सेवा रोजाना सुबह करीब 9:30 बजे करसोग बस स्टैंड से रवाना होती है। श्रद्धालु माता के दर्शन करने के उपरांत दोपहर के समय इसी बस से वापस करसोग बस स्टैंड सुरक्षित पहुंच जाते हैं।
एचआरटीसी के राजस्व में प्रति किलोमीटर 100 रुपए का इजाफा
शिकारी माता के लिए शुरू की गई इस बस सेवा से परिवहन निगम को बड़ा आर्थिक फायदा हुआ है। करसोग डिपो के अनुसार इस रूट पर बस के संचालन से निगम के राजस्व में लगभग 100 रुपए प्रति किलोमीटर की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि यह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा एचआरटीसी की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का ही सुखद परिणाम है।
करसोग में बने 9 हजार से अधिक हिम बस पास
सुक्खू सरकार द्वारा बस यात्रियों को दी जा रही हिम बस पास सुविधा का भी बड़े स्तर पर लाभ उठाया जा रहा है। वर्तमान में निगम द्वारा 22 अलग-अलग श्रेणियों (विद्यार्थी, महिलाएं, दिव्यांगजन आदि) के पात्र लोगों को निःशुल्क व रियायती यात्रा की सुविधा दी जा रही है। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय करसोग द्वारा अब तक कुल 9,166 हिम बस पास जारी किए जा चुके हैं। इनमें 6,350 महिला यात्री, 1,581 सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी और 969 विशेष रूप से सक्षम (दिव्यांगजन) लोगों के पास शामिल हैं।
हर वर्ग तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ : क्षेत्रीय प्रबंधक
एचआरटीसी करसोग के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) एनके चांदला ने बताया कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम पात्र लाभार्थियों को बेहतर और आरामदायक यातायात सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रहा है। प्रथम दर्शन योजना और हिम बस पास जैसी सुविधाओं को पूरी प्रभावशीलता के साथ लागू किया गया है ताकि हर वर्ग को सफर में राहत मिल सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें