Edited By Vijay, Updated: 08 Oct, 2026 03:44 PM

ऊना जिले के गगरेट स्थित गोरखा बाबा मंदिर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि महज 36 घंटे के भीतर उन्होंने दूसरी बार चोरी की घटना को अंजाम दे डाला है। इस बार शातिर चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर माता की मूर्ति को पहनाए गए सोने के आभूषण, दानपात्र और...
गगरेट (बृज): ऊना जिले के गगरेट स्थित गोरखा बाबा मंदिर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि महज 36 घंटे के भीतर उन्होंने दूसरी बार चोरी की घटना को अंजाम दे डाला है। इस बार शातिर चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर माता की मूर्ति को पहनाए गए सोने के आभूषण, दानपात्र और अन्य धार्मिक वस्तुओं पर हाथ साफ कर दिया है। लगातार हो रही चोरी की इन घटनाओं से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी रोष है।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह जब मंदिर के पुजारी प्रवेश शर्मा पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि कृष्ण मंदिर में माता की मूर्ति को पहनाई गई सोने की नथ, कोका (नोज पिन) और सोने की चेन गायब है। इसके अलावा, चोरों ने शिवलिंग पर चढ़ाई गई तांबे की जलहरी को भी उखाड़ लिया था।
चोरों ने इस बार मंदिर के अंदर रखे दानपात्र को भी नहीं बख्शा। हैरानी की बात यह है कि बीते मंगलवार को हुई चोरी के दौरान शातिरों ने जो दानपात्र चुराया था, इस बार वे उस खाली दानपात्र को भी अपने साथ ले गए। इसके अलावा मंदिर परिसर में रखी तांबे की गड़वियां, बाबा बालक नाथ मंदिर से पीतल का कमंडल और घंटियां भी चोरी कर ली गई हैं।
मंदिर के पुजारी प्रवेश शर्मा ने तुरंत इस घटना की सूचना गगरेट पुलिस थाना में दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। महज दो दिन के भीतर एक ही मंदिर में दो बार चोरी होने से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ग्राम पंचायत के उपप्रधान आशीष शर्मा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस से रात के समय क्षेत्र में औचक गश्त बढ़ाने का भी आग्रह किया है, ताकि धार्मिक स्थलों को निशाना बनने से रोका जा सके।
मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा ने बताया कि पुजारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटा रही है और चोरों को पकड़ने के लिए आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें