Edited By Vijay, Updated: 19 Jun, 2026 10:14 PM

हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड (धर्मशाला) ने इंजीनियरिंग डिप्लोमा में प्रवेश के लिए आयोजित लेटरल एंट्री एंट्रैंस टैस्ट (लीट-2026) का बहुप्रतीक्षित परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है।
धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड (धर्मशाला) ने इंजीनियरिंग डिप्लोमा में प्रवेश के लिए आयोजित लेटरल एंट्री एंट्रैंस टैस्ट (लीट-2026) का बहुप्रतीक्षित परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। यह प्रवेश परीक्षा बीते 14 जून को आयोजित की गई थी, जिसमें अपना तकनीकी भविष्य संवारने के लिए प्रदेशभर से कुल 1963 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था।
तकनीकी शिक्षा बोर्ड के सचिव अशोक पाठक ने परीक्षा परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष शिमला के अमन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। अमन ने 400 में से सर्वाधिक 370 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में टॉप किया। वहीं, चम्बा जिले के मोहित कपूर 400 में से 285 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहे, जबकि मंडी की नंदिनी ने 246 अंक हासिल कर मैरिट में तीसरा स्थान पक्का किया है।
हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा में शामिल हुए सभी अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लीट-2026 का विस्तृत परिणाम अपनी आधिकारिक वैबसाइट पर अपलोड कर दिया है। परीक्षा देने वाले छात्र बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट और स्कोरकार्ड आसानी से चैक कर सकते हैं।
परिणाम जारी करने के साथ ही बोर्ड सचिव अशोक पाठक ने अभ्यर्थियों को आगामी प्रवेश प्रक्रिया को लेकर भी अहम सलाह दी है। उन्होंने बताया कि सफल छात्रों की काऊंसलिंग और दाखिला प्रक्रिया से संबंधित पूरा शैड्यूल बोर्ड द्वारा जल्द ही जारी किया जाएगा। इसलिए सभी अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी नई जानकारी और अपडेट के लिए नियमित रूप से बोर्ड की वैबसाइट का अवलोकन करते रहें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें