Edited By Kuldeep, Updated: 07 Dec, 2025 10:48 PM

सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर आज गोंदपर जयचंद में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए अंशदान किया।
टाहलीवाल (गौतम): सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर आज गोंदपर जयचंद में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए अंशदान किया। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, ऊना के उपनिदेशक कर्नल (सेवानिवृत्त) एसके कालिया ने उप मुख्यमंत्री और उनके निजी स्टाफ को सशस्त्र सेना का झंडा लगाकर उनसे योगदान प्राप्त किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भारतीय थल सेना, वायु सेना और नौसेना के वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रित परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष 7 दिसम्बर को मनाया जाने वाला सशस्त्र सेना झंडा दिवस उन अमर वीरों को समर्पित है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यैाछावर किए या गंभीर रूप से घायल हुए।
उन्होंने बताया कि इस दिवस पर लगाए जाने वाले विशेष झंडे के माध्यम से एकत्रित राशि शहीद सैनिकों के परिजनों, अपंग सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण पर खर्च की जाती है। उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस पुनीत कार्य के लिए अधिक से अधिक योगदान देकर देश के वीर सैनिकों के प्रति अपना सम्मान प्रकट करें। इसके बाद उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने आवास पर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं।