Sirmaur: चूड़धार चोटी ने मई माह में फिर ओढ़ी बर्फ की चादर, 3 से 4 इंच ताजा हिमपात रिकॉर्ड

Edited By Vijay, Updated: 03 May, 2026 07:08 PM

snowfall on churdhar hill

जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार पर मई माह में एक बार फिर बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे क्षेत्र में ठंड का अहसास लौट आया है।

नाहन (आशु): जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार पर मई माह में एक बार फिर बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे क्षेत्र में ठंड का अहसास लौट आया है। रविवार सुबह चूड़धार शिखर और आसपास के इलाकों में करीब 3 से 4 इंच ताजा हिमपात रिकॉर्ड किया गया। मौसम के बदले इस मिजाज ने सभी को हैरान कर दिया है।

समुद्र तल से लगभग 11,965 फुट की ऊंचाई पर स्थित चूड़धार चोटी पर अप्रैल के बाद मई में भी हिमपात होना सामान्य नहीं माना जाता। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश देखने को मिली है। चूड़धार के अलावा हरिपुरधार, नौहराधार और संगड़ाह क्षेत्र में भी तेज बारिश व ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है और पूरे क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ गया है। अचानक बदले मौसम के चलते लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।

बर्फबारी के बाद चूड़धार स्थित शिरगुल महाराज मंदिर तक जाने वाला ट्रैक फिसलन भरा और कठिन हो गया है। प्रशासन ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम साफ होने तक यात्रा से बचें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। वहीं, निचले क्षेत्रों में हुई बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। गेहूं की कटाई के बाद खेतों में आई नमी मक्की और अदरक की बुवाई के लिए लाभकारी मानी जा रही है। किसानों का कहना है कि यह बारिश आने वाली फसल के लिए वरदान साबित हो सकती है। कुल मिलाकर मई माह में हुई इस अप्रत्याशित बर्फबारी और बारिश ने जहां ठंड को वापस ला दिया है, वहीं कृषि क्षेत्र के लिए नई उम्मीदें भी जगा दी हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!