Edited By Kuldeep, Updated: 13 Aug, 2026 10:02 PM

विधानसभा के मानसून सत्र से पहले मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से चर्चा की।
शिमला (कुलदीप): विधानसभा के मानसून सत्र से पहले मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से चर्चा की। सूत्रों के अनुसार मंत्री पद के लिए विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के नाम पर चर्चा हुई। इसके अलावा संजय रत्न व आशीष बुटेल भी मंत्री पद के विकल्प हो सकते हैं या फिर इन दोनों विधायकों की मुख्य सचेतक एवं विधानसभा उपाध्यक्ष के पद पर ताजपोशी की जा सकती है। आशीष बुटेल का नाम इसलिए सुर्खियों में हैं, क्योंकि नगर निगम पालमपुर के चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इसी तरह किसी मंत्री के ड्रॉप करने व मंत्रियों के विभागों में फेरबदल जैसे विषय पर भी चर्चा की सूचना है। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भी मौजूद रहे। अभी पीसीसी सचिव और प्रवक्ताओं की नियुक्ति होनी है, जिसको लेकर चर्चा होने की सूचना है। इसके अलावा सत्ता और संगठन दोनों विषयों पर चर्चा हुई, जिसमें मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने संगठनात्मक गतिविधियों का रिपोर्ट कार्ड राष्ट्रीय महासचिव के समक्ष रखा।
राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली को लेकर भी चर्चा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सितम्बर या अक्तूबर माह में बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। इस विषय को लेकर भी विस्तृत चर्चा होने की सूचना है। इसी तरह आगामी समय में राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल पीएसी बैठक में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश आएंगे, जिस पर मंत्रणा हुई है। पहले अलग-अलग कारणों से 2 बार इस बैठक को स्थगित किया जा चुका है।
हिमाचल निकेतन भवन की कार्य समीक्षा करने द्वारका गए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली के द्वारका स्थित हिमाचल निकेतन का दौरा कर भवन के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की, जिसका निर्माण कार्य लगभग पूरा होने वाला है। हिमाचल निकेतन भवन राष्ट्रीय राजधानी में आने वाले प्रदेशवासियों, विशेषकर चिकित्सा उपचार और शिक्षा के उद्देश्य से दिल्ली आने वाले लोगों को आरामदायक और गुणवत्तापूर्ण आवास सुविधा उपलब्ध करवाएगा। इस भवन में लगभग 4 सितारा श्रेणी की सुविधाएं उपलब्ध होंगी और यह दिल्ली आने वाले हिमाचलवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सहायक केंद्र के रूप में कार्य करेगा।
इसके ऊपर लगभग 190 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत आएगी, जिससे 107 कमरे, 1 रेस्तरां, बैंक्वेट हाल, 2 बहुउद्देश्यीय हाल, 1 बैठक कक्ष और विद्यार्थियों के लिए डोरमैटरी की सुविधा होगी। परिसर में पार्किंग व्यवस्था, गार्डन व ईवी चार्जिंग स्टेशन सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विधायक सुरेश कुमार, मुख्य अभियंता विजय चौधरी और अधीक्षण अभियंता दीपक राज चौहान सहित प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।