Edited By Kuldeep, Updated: 08 Jun, 2026 05:33 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को अपने सरकारी आवास ओकओवर से हरी झंडी दिखाकर चार अत्याधुनिक एम्बुलैंस को रवाना किया।
शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को अपने सरकारी आवास ओकओवर से हरी झंडी दिखाकर चार अत्याधुनिक एम्बुलैंस को रवाना किया। ये एम्बुलैंस प्रदेश के सुदूर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। यह एम्बुलैंस एचडीएफसी बैंक द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार को उपलब्ध करवाई गई हैं। इन सभी गाड़ियों को विशेष रूप से सुजानपुर, भोरंज, नादौन और देहरा क्षेत्रों के लिए तैनात किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को आपातकालीन स्थिति में तुरंत चिकित्सा सुविधा मिल सके।
यह पहल आने वाले दिनों में चिन्हित किए गए चारों विधानसभा क्षेत्रों के लोगों के लिए वरदान साबित होगी, जहां भौगोलिक परिस्थितियों के कारण समय पर अस्पताल पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण रहता है। इस सराहनीय पहल के लिए एचडीएफसी बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ग्रामीण और जरूरतमंद क्षेत्रों में समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। ये एम्बुलैंस आपातकाल के दौरान मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों तक सुरक्षित और शीघ्र पहुंचाने में गेम-चेंजर साबित होंगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. (कर्नल) धनी राम शांडिल और मुख्य संसदीय सचिव व विधायक संजय अवस्थी, विधायक अनुराधा राणा और हरीश, हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के अध्यक्ष हरभजन सिंह भज्जी, भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, और निजी शैक्षणिक संस्थान विनियामक आयोग के सदस्य विजय पाल सिंह, स्वास्थ्य विभाग की ओर से निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डा. गोपाल बेरी, एचडीएफसी बैंक का प्रतिनिधित्व करते हुए जोनल हैड राजीव कौड़ा, कलस्टर हैड शिवेंद्र चौहान, ध्रुव ब्राक्टा, वीरेंद्र शर्मा, स्टेट हैड विकास पठानिया, शाखा प्रबंधक नवीन धीमान और एरिया हैड धीरज शर्मा सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।