Edited By Kuldeep, Updated: 30 Apr, 2026 10:57 PM

प्रदेश में सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षकों को जल्द ही तैनाती दे दी जाएगी। इसी कड़ी में स्कूल शिक्षा विभाग इन सेवा शिक्षकों के लिए 5 मई से काऊंसलिंग प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है।
शिमला (प्रीति): प्रदेश में सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षकों को जल्द ही तैनाती दे दी जाएगी। इसी कड़ी में स्कूल शिक्षा विभाग इन सेवा शिक्षकों के लिए 5 मई से काऊंसलिंग प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। यह काऊंसलिंग विशेष रूप से प्रिंसीपल पदों के लिए आयोजित की जाएगी, जिसमें वे शिक्षक शामिल होंगे, जिन्होंने 22 मार्च 2026 को आयोजित स्क्रीनिंग टैस्ट को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया है। गौरतलब है कि इस पूरी चयन प्रक्रिया की शुरूआत 24 जनवरी 2026 को की गई थी, जिसमें सभी कैडर के शिक्षकों ने भाग लिया। स्क्रीनिंग टैस्ट में कुल 9821 शिक्षकों की भागीदारी दर्ज की गई।
कोर्ट के आदेशों के बाद प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा परिणाम निदेशालय को सौंप दिया है, जिनमें शिक्षकों का प्रदर्शन सराहनीय पाया गया। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों की तैनाती मैरिट सह वरीयता के आधार पर की जाएगी। काऊंसलिंग के दौरान शिक्षक अपनी पसंद के अनुसार स्कूलों का चयन करेंगे, लेकिन अंतिम तैनाती उपलब्ध रिक्तियों और प्राप्त अंकों के आधार पर तय होगी। हालांकि जेबीटी और सी एंड वी शिक्षक जिला कैडर से संबंधित होते हैं, फिर भी स्क्रीनिंग टैस्ट में सफल होने पर उन्हें राज्य के किसी भी सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूल में तैनात किया जा सकता है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस तैनाती से उनकी वरिष्ठता, पदोन्नति के अवसर या मूल कैडर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके साथ ही सीबीएसई माध्यमिक विद्यालयों से जुड़े प्राथमिक स्कूलों में कम से कम 5 जूनियर बेसिक टीचर की नियुक्ति अनिवार्य रूप से की जाएगी। पूरी काऊंसलिंग प्रक्रिया को 15 दिनों के भीतर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।