Edited By Swati Sharma, Updated: 23 Jun, 2026 03:39 PM

रोहड़ू (बशनाट) : नावर क्षेत्र के तहत शलाश डोगरी गांव में 77 वर्षीय गीता देवी की हत्या के सनसनीखेज मामले का शिमला पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस जटिल ब्लाइंड मर्डर केस को मात्र छह दिनों में सुलझाकर...
रोहड़ू (बशनाट) : नावर क्षेत्र के तहत शलाश डोगरी गांव में 77 वर्षीय गीता देवी की हत्या के सनसनीखेज मामले का शिमला पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस जटिल ब्लाइंड मर्डर केस को मात्र छह दिनों में सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है।
क्या था मामला?
जानकारी के अनुसार, 17 जून को गीता देवी अपने घर में मृत अवस्था में मिली थीं। प्रारंभिक जांच में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी की नीयत से घर में घुसकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद पुलिस थाना रोहड़ू में मामला दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए और तकनीकी जांच का सहारा लिया। जांच के दौरान मोबाइल टावर डम्प डाटा, विभिन्न मार्गों पर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज तथा मानव स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं का गहन विश्लेषण किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने नेपाल मूल के तीन युवकों लाल बहादुर उर्फ लालू (28), नवीन (19) और संतोष (20) को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में आरोपियों की लोकेशन घटना के समय घटनास्थल के आसपास पाई गई। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी संलिप्तता सामने आई। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की है। शिमला पुलिस ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विश्लेषण और पुलिस टीमों की निरंतर मेहनत के बल पर इस चुनौतीपूर्ण हत्याकांड का सफल अनावरण संभव हो पाया। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें